गरियाबंद

ओडिशा से छत्तीसगढ़ धान ला रहे 3 पिकअप जब्त, 192 कट्टा बरामद
10-Nov-2026 6:38 PM
ओडिशा से छत्तीसगढ़ धान ला रहे 3 पिकअप जब्त, 192 कट्टा बरामद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 10 नवंबर। ओडिशा से छत्तीसगढ़ की सीमा में अवैध रूप से धान परिवहन किए जाने के मामले में देवभोग पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन महिंद्रा पिकअप वाहनों को पकड़ा है। पुलिस ने तीनों वाहनों से कुल 192 कट्टा धान जब्त किया है। जब्त धान और वाहनों को थाना देवभोग में सुरक्षार्थ रखा गया है। वहीं, आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) देवभोग को प्रतिवेदन भेजा गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 6 नवंबर की रात करीब 10 बजे ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर अवैध रूप से धान परिवहन किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर देवभोग पुलिस की टीम ने ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा क्षेत्र के ग्राम भरवामुड़ा के पास संदिग्ध वाहनों की जांच की। इस दौरान तीन महिंद्रा पिकअप वाहनों में धान लोड मिला।

जांच के दौरान वाहन क्रमांक सीजी 04 एचक्यू 8391 में 70 कट्टा, सीजी10 एएस 4954 में 62 कट्टा तथा सीजी 07 बीवी 7673 में 60 कट्टा धान पाया गया। इस तरह तीनों वाहनों से कुल 192 कट्टा धान बरामद हुआ। पुलिस ने वाहन चालकों को धान के परिवहन और स्वामित्व से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 94 के तहत नोटिस जारी किया, लेकिन चालक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

इसके बाद पुलिस ने तीनों पिकअप वाहनों को धान सहित जब्त कर लिया। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए राजस्व विभाग को प्रतिवेदन भेजा गया है।

सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस की निगरानी

गरियाबंद पुलिस के अनुसार, ओडिशा से लगे सीमावर्ती इलाकों में अवैध धान परिवहन और अन्य अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

ऐसी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।


अन्य पोस्ट