गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 7 नवंबर। सितंबर माह में आई भीषण बारिश और बाढ़ ने अभनपुर विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों परिवारों की जिंदगी को बुरी तरह प्रभावित कर दिया था। किसी के घर में पानी घुस गया था तो किसी का घरेलू सामान बर्बाद हो गया था। कई परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे थे और दीपावली का त्योहार भी फीका पडऩे की आशंका थी। लेकिन दीपावली से ठीक पहले शासन की ओर से मिली आर्थिक सहायता ने प्रभावित परिवारों के चेहरों पर फिर से मुस्कान ला दी। लंबे इंतजार के बाद राहत राशि मिलने से लोगों को बड़ी आर्थिक संबल मिला है।
अभनपुर विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए कुल 1 करोड़ 81 लाख रुपये की आर्थिक सहायता वितरित की गई है। विधायक इंद्रकुमार साहू के विशेष प्रयासों से दीपावली के पहले राहत राशि वितरण की प्रक्रिया पूरी की गई। इस सहायता से प्रभावित परिवारों को त्योहार की तैयारियों के साथ-साथ बाढ़ से हुए नुकसान की भरपाई में भी कुछ मदद मिली है।
1300 परिवारों को मिले 10-10 हजार के चेक
गोबरा नवापारा के हरिहर स्कूल प्रांगण में आयोजित राहत राशि वितरण समारोह में नगर के वार्ड क्रमांक 5, 15, 16, 17, 18, 19 एवं 20 के कुल 1300 बाढ़ प्रभावित परिवारों को प्रति परिवार 10 हजार रुपये के मान से कुल 1 करोड़ 30 लाख रुपये के सहायता चेक वितरित किए गए। सहायता राशि मिलने के बाद प्रभावित परिवारों ने राहत की सांस ली। बाढ़ के कारण घर-गृहस्थी और जरूरी सामान को हुए नुकसान के बीच यह आर्थिक मदद उनके लिए काफी महत्वपूर्ण साबित हुई। लोगों का कहना है कि त्योहार के ठीक पहले मिली इस सहायता से घरों में दीपावली की तैयारियां करना आसान हुआ है। कई परिवारों के लिए यह मदद मुश्किल समय में बड़ी राहत बनकर आई है।
विधायक इंद्रकुमार साहू ने कहा कि बाढ़ से प्रभावित परिवारों को दीपावली से पहले सहायता दिलाना उनकी प्राथमिकता थी। नुकसान का सर्वे कराकर समयबद्ध तरीके से पात्र परिवारों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनता के सुख-दुख में साथ खड़ी है। गरीबों, मजदूरों और जरूरतमंद परिवारों को राहत पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
नगर पालिका अध्यक्ष ओमकुमारी-संजय साहू ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधायक इंद्रकुमार साहू के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को समय पर सहायता मिलने से उन्हें काफी राहत मिली है। वहीं बाढ़ पीडि़त परिवारों ने भी आर्थिक सहायता मिलने पर प्रदेश सरकार और क्षेत्रीय विधायक के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।