गरियाबंद
नवापारा-राजिम, 5 नवंबर। नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों को दो माह से वेतन नहीं मिलने पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नवापारा के महामंत्री सुरेन्द्र साहू ने वेतन भुगतान की मांग की है।
प्रेस विज्ञप्ति जारी कर साहू ने कहा कि सफाई कर्मचारियों को सितंबर और अक्टूबर माह का वेतन अब तक नहीं मिला है। उन्होंने मांग की कि कर्मचारियों का बकाया वेतन एकमुश्त भुगतान किया जाए तथा दीपावली त्योहार अग्रिम राशि भी तत्काल जारी की जाए।
उन्होंने वेतन भुगतान में देरी के कारणों को सार्वजनिक करने और इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि कर्मचारियों को उनका बकाया भुगतान नहीं मिलने पर कांग्रेस उनके समर्थन में आंदोलन करेगी। इस संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी लवकेश पैकरा ने कहा कि सफाई कर्मचारियों के वेतन भुगतान की व्यवस्था जल्द से जल्द की जाएगी।