गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मैनपुर, 31 अक्टूबर। गरियाबंद जिला मुख्यालय में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के नारे के साथ विशाल पदयात्रा का आयोजन किया गया। पदयात्रा गांधी मैदान से प्रारंभ होकर सिविल लाइन तक निकाली गई। इसमें छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर भाजपा संगठन प्रभारी एवं प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी, राजिम विधायक रोहित साहू, भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर, बिंद्रानवागढ़ विधानसभा प्रभारी एवं राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू राम निषाद, भंडार गृह विभाग के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद चंदूलाल साहू, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय एवं डमरूधर पुजारी सहित अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
पदयात्रा को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने विपक्षी दल कांग्रेस पर एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया को लेकर जनता के बीच भ्रम एवं अफवाह फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया कोई नई नहीं है। इसका उद्देश्य मतदाता सूची से फर्जी एवं अपात्र नामों को हटाकर सूची को पारदर्शी और शुद्ध बनाना है। इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने मतदाता सूची की शुद्धता को निष्पक्ष एवं मजबूत लोकतंत्र के लिए आवश्यक बताया।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला मंत्री आशीष शर्मा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन डॉ. रामकुमार साहू ने किया। इस दौरान प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजेश साहू, प्रदेश सहसंयोजक मुरलीधर सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप, पूर्व जिला अध्यक्ष भागीरथी मांझी, जिला उपाध्यक्ष गुरु नारायण तिवारी, जिला महामंत्री सुरेंद्र सोनटेके, नगर पालिका अध्यक्ष रिखी राम यादव, सागर मयानी किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष हलमन ध्रुवा, किसान मोर्चा जिला मीडिया प्रभारी मोहन सिंह कुशवाह सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।