गरियाबंद

14 लाख का कबाड़ लदा वाहन जब्त
27-Oct-2026 7:34 PM
14 लाख का कबाड़ लदा वाहन जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 27 अक्टूबर। नवापारा पुलिस ने संदिग्ध कबाड़ी और स्क्रैप से लदे एक वाहन को जब्त किया है। जब्त वाहन और उसमें लोड पुराने लोहे की कुल अनुमानित कीमत 13 लाख 90 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने वाहन से 6,370 किलोग्राम पुराना लोहा एवं कबाड़ी स्क्रैप बरामद किया है। सामान के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने के बाद पुलिस ने वाहन सहित पूरी संपत्ति को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामला गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र का है।

अपराधों पर अंकुश लगाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस द्वारा लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है।  इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नवापारा के गंज रोड स्थित सरकारी अस्पताल के पास टाटा वाहन क्रमांक सीजी 19 बीपी 0264 में कबाड़ी और स्क्रैप लोड है। वाहन चालक वहां किसी का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और वाहन की जांच की।

जांच के दौरान वाहन चालक ने अपना नाम ईशाक रिजवी पिता इकबाल रिजवी (25 वर्ष) निवासी शीतलापारा, नवापारा बताया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें पुराना लोहा और कबाड़ी स्क्रैप लोड मिला। पुलिस ने सामान के संबंध में चालक को वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन चालक कोई बिल या अन्य वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पूछताछ में चालक ने पुलिस को बताया कि वह उक्त टाटा वाहन का चालक है और वाहन मालिक के कहने पर सरकारी अस्पताल के सामने स्थित कबाड़ी दुकान से पुराना लोहा एवं स्क्रैप लोड कर रायपुर ले जाने के लिए निकला था। उसने बताया कि वह गंज रोड स्थित सरकारी अस्पताल के पास अपने मालिक का इंतजार कर रहा था। लोड सामान के संबंध में उसके पास कोई बिल नहीं था।

सामान के स्रोत और उसके स्वामित्व से संबंधित दस्तावेज नहीं मिलने तथा संपत्ति के चोरी की होने या किसी अपराध से संबंधित होने की आशंका के चलते पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में वाहन और उसमें लोड स्क्रैप को जब्त कर लिया। पुलिस ने जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 13 लाख 90 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने जब्त वाहन और सामान को थाना गोबरा नवापारा लाकर मालखाने में सुरक्षित रखवा दिया है।

 पुलिस के अनुसार, फिलहाल जब्त संपत्ति के वास्तविक स्वामी और सामान के स्रोत की पतासाजी की जा रही है।


अन्य पोस्ट