गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 26 अक्टूबर। 2025 में जब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) अपने शताब्दी वर्ष में प्रवेश किए तब यह केवल किसी संगठन की वर्षगांठ नहीं है, बल्कि आधुनिक भारत की गाथा का एक महत्वपूर्ण अध्याय है।
नागपुर में 1925 से आरंभ हुई यह छोटी सी पहल आज विश्व के सबसे प्रभावशाली सामाजिक -सांस्कृतिक आंदोलनों में से एक बन चुकी है। फिर भी संघ की सबसे बड़ी विशेषता उसका आकार या विस्तार नहीं है, बल्कि उसकी आत्मा है। वह नि:शब्द, अनुशासित और निस्वार्थ सेवा, जिसके लिए लाखों स्वयंसेवक बिना किसी मान्यता या प्रसिद्धि की चाह के अपने जीवन समर्पित करते हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष में विजयादशमी के अवसर पर गौरीशंकर कश्यप ने स्वयंसेवकों के पथ संचलन कर संगठन की एकजुटता, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया।
नगर में आयोजित पथ संचलन में स्वयंसेवकों की भागीदारी के बीच संघ के विचारों, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की भूमिका पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में संघ के पूर्व प्रांत संचालक एन.डी. मानिकपुरी ने कहा कि विजयादशमी सत्य की असत्य और धर्म की अधर्म पर विजय का प्रतीक है। यह पर्व साहस, अनुशासन और सदाचार के साथ राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने संघ की सौ वर्षों की यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि संगठन ने सेवा, संस्कार, सामाजिक समरसता और राष्ट्र के प्रति समर्पण को केंद्र में रखकर कार्य किया है। इस अवसर पर गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत कर सम्मान किया।