गरियाबंद
विप्र भवन के निर्माण कार्यों के लिए 10 लाख देने की घोषणा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 26 अक्टूबर। शरद पूर्णिमा के अवसर पर रविवार को नवापारा के विप्र भवन में ब्राह्मण समाज द्वारा आयोजित कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि ब्राह्मण समाज सप्तऋषियों की परंपरा से जुड़ा है और ‘सर्वे भवन्तु सुखिन:’ की भावना के साथ सभी समाजों का मार्गदर्शन करता है। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति, संस्कारों और सामाजिक समरसता के संरक्षण में बुद्धिजीवी वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका है।
सांसद वर्मा ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए राजिम, नवापारा और महानदी क्षेत्र के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आधुनिकता के दौर में नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं और संस्कारों से जोडऩा जरूरी है। परिवार की एकता, सद्भाव और नैतिक मूल्यों को बनाए रखकर ही सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है। इस अवसर पर उन्होंने विप्र भवन में विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय ने युवाओं से सामाजिक आयोजनों में सक्रिय भागीदारी निभाने और संगठन की एकजुटता बनाए रखने का आह्वान किया। नगरपालिका अध्यक्ष ओमकुमारी साहू ने शरद पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक समरसता पर जोर दिया।
नवापारा ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष प्रसन्न शर्मा ने बताया कि समाज द्वारा सभी वर्गों के लिए शव वाहन और शव फ्रीजर की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। विप्र भवन भी सभी समाजों को रियायती दर पर कार्यक्रमों के लिए दिया जाता है।
भगवताचार्य युवराज पाण्डेय ने समाज के लोगों से आपसी मतभेद दूर रखकर एकजुट रहने तथा संस्कृत के साथ भारतीय संस्कृति की शिक्षा को भी महत्व देने की अपील की।
कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद लक्ष्मी वर्मा एवं नगरपालिका अध्यक्ष ओमकुमारी साहू ने भगवान परशुराम की पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजन, शिक्षाविद, जनप्रतिनिधि, महिला ब्राह्मण समाज की पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में विप्रजन उपस्थित रहे। इनमें आरबी शर्मा, ओपी दुबे, डॉ. एके शर्मा, आशीष पाण्डेय, रेखा तिवारी और सुभाषिनी शर्मा सहित अन्य लोग शामिल थे।