गरियाबंद
भाजपा की बैठक, पदयात्रा और जनसंपर्क कार्यक्रमों की तैयारियों पर हुई चर्चा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मैनपुर, 25 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी जिला गरियाबंद के जिला पदाधिकारियों की बैठक शुक्रवार को मैनपुर में जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चलाए जा रहे ‘लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ’ अभियान को जिले में प्रभावी बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में विपक्ष की कार्यप्रणाली और लोकतांत्रिक व्यवस्था में उसकी भूमिका पर भी विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति और विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन राजनीतिक विरोध संवैधानिक मर्यादाओं, तथ्यों और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के अनुरूप होना चाहिए। उन्होंने कहा कि विरोध-प्रदर्शनों के दौरान कानून-व्यवस्था तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखना आवश्यक है।
जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने पर जोर देते हुए पदाधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अभियान के उद्देश्यों और संदेश को आम नागरिकों तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी तथा प्रभावी जनसंपर्क जरूरी है।
जिला महामंत्री डॉ. आशीष शर्मा ने अभियान की सफलता के लिए संगठन की एकजुटता, बेहतर समन्वय और स्पष्ट कार्ययोजना को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से सामूहिक प्रयासों के माध्यम से अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
वहीं, जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू ने आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों और संगठनात्मक गतिविधियों को योजनाबद्ध तरीके से संचालित करने पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखते हुए निर्धारित कार्यक्रमों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने की बात कही।
बैठक में अभियान के तहत प्रस्तावित पदयात्रा, संवाद कार्यक्रम, जनसंपर्क और प्रचार-प्रसार की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई। इस दौरान लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति जनविश्वास बनाए रखने, मतदाता सूची की शुद्धता तथा संवैधानिक प्रक्रियाओं के महत्व जैसे विषयों को आम जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर विचार किया गया। पदाधिकारियों ने अभियान को सफल बनाने के लिए सामूहिक प्रयास और संगठनात्मक समन्वय को आवश्यक बताया।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष गुरुनारायण तिवारी एवं केशरी ध्रुव, जिला कोषाध्यक्ष अजय रोहरा, जिला मंत्री सुरेंद्र सोनटेके, योगेश शर्मा, राधेश्याम सोनवानी, योगीराज माखन कश्यप, मंडल अध्यक्ष संतोष यादव, नंदकिशोर चौबे, फारूक चौधरी, डायमंड साहू, किसान मोर्चा के जिला मीडिया प्रभारी मोहन कुशवाहा सहित जिला पदाधिकारी उपस्थित रहे।