गरियाबंद

51 फीट ऊंचे रावण का दहन, रामलीला में दिया धर्म की विजय का संदेश
21-Oct-2026 7:22 PM
51 फीट ऊंचे रावण का दहन, रामलीला में दिया धर्म की विजय का संदेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 21 अक्टूबर। असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक विजयादशमी पर्व नवापारा नगर सहित पूरे अंचल में मंगलवार को हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। नवापारा के हाईस्कूल मैदान में आयोजित शाही दशहरा उत्सव में हजारों की भीड़ उमड़ी। दशहरा उत्सव समिति नवापारा के तत्वावधान में 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। आकर्षक रामलीला मंचन, भगवान श्रीराम की महाआरती और शानदार आतिशबाजी ने उत्सव की रौनक बढ़ा दी। रावण दहन होते ही पूरा मैदान जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा।

 रावण दहन से पहले रामायण मंडली के कलाकारों ने आकर्षक रामलीला का मंचन किया। भगवान श्री राम और रावण के बीच युद्ध के प्रसंग ने दर्शकों को बांधे रखा। इसके बाद भगवान श्रीराम की महाआरती की गई। रात करीब 9.30 बजे रावण दहन किया गया।

दशहरा उत्सव में अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू, पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक धनेंद्र साहू, पूर्व कृषि मंत्री चंद्रशेखर साहू, अपेक्स बैंक के पूर्व अध्यक्ष अशोक बजाज और नगर पालिका अध्यक्ष ओमकुमारी साहू अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने नगर वासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए सत्य, सदाचार और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।

शाही दशहरा उत्सव को सफल बनाने के लिए दशहरा उत्सव समिति नवापारा की ओर से व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं। वहीं, पुलिस और प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। आयोजन की सफलता में समिति के पदाधिकारी धनराज मध्यानी, अनिल जगवानी, होरीलाल साहू, उमेश यादव, सरदार जीत सिंग, प्रसन्न शर्मा, लोकनाथ सोनकर, रमेश तिवारी, सौरभ शर्मा, मुकुंद मेश्राम, रामा यादव, नागेंद्र वर्मा, संजय साहू, मंगराज सोनकर, राजा चावला, सौरभ सोनी, सौरभ सिंटू जैन और रामरतन निषाद सहित अन्य सदस्यों का योगदान रहा। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, पत्रकार, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट