गरियाबंद

नि:शुल्क नेत्र परीक्षण शिविर, बांटीं दवाइयां
19-Oct-2026 7:34 PM
नि:शुल्क नेत्र परीक्षण शिविर, बांटीं दवाइयां

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 19 अक्टूबर। शारदीय क्वार नवरात्रि के पावन अवसर पर श्री राम जानकी दुर्गा उत्सव समिति, नवापारा द्वारा धार्मिक आस्था के साथ जनसेवा की सराहनीय पहल की गई। समिति के तत्वावधान में एमजीएम हॉस्पिटल के विशेष सहयोग से विशाल नि:शुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में सैकड़ों मरीजों की आंखों की जांच की गई। साथ ही मोतियाबिंद की पहचान, चिकित्सकीय परामर्श और नि:शुल्क दवाइयों का वितरण किया गया।

शिविर में एमजीएम हॉस्पिटल के अनुभवी चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की आंखों की जांच कर उन्हें आंखों की देखभाल और उपचार से संबंधित आवश्यक सलाह दी। शिविर का उद्देश्य लोगों को नेत्र संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूक करना और जरूरतमंद मरीजों को समय पर जांच एवं परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराना रहा।

शिविर के प्रारंभ में श्रीराम जानकी दुर्गा उत्सव समिति के पदाधिकारियों एवं वार्ड के गणमान्य नागरिकों ने एमजीएम हॉस्पिटल से पहुंचे चिकित्सकों का गुलाब के बुके भेंटकर सम्मान किया। इसके बाद नेत्र परीक्षण शिविर की गतिविधियां प्रारंभ हुईं। नगर के नागरिकों ने शिविर में बढ़-चढक़र भाग लिया और नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

इस शिविर ने धार्मिक उत्सव के साथ सामाजिक सरोकारों को भी प्रमुखता दी। समिति की इस पहल से अनेक लोगों को आंखों की जांच, मोतियाबिंद की पहचान और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा मिली।

श्री राम जानकी दुर्गा उत्सव समिति ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग देने के लिए एमजीएम हॉस्पिटल की चिकित्सकीय टीम और सहभागी नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। समिति ने जनसेवा के इस कार्य में सहयोग करने वाले सभी लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया।


अन्य पोस्ट