गरियाबंद

अग्रवाल नवयुवक मंडल का गरबा महोत्सव
18-Oct-2026 7:29 PM
अग्रवाल नवयुवक मंडल का गरबा महोत्सव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 18 अक्टूबर। अग्रवाल नवयुवक मंडल द्वारा आयोजित तीन दिवसीय गरबा महोत्सव नगर के राधा कृष्णा मंदिर में बड़े ही धूमधाम से संपन्न हुआ। भक्ति एवं शक्ति के महापर्व नवरात्री के पावन अवसर पर गरबा महोत्सव के आयोजन से सम्पूर्ण नगरवासी रोमांचित एवं आनंदित हुए एवं इस गरिमामय आयोजन में बढ़ चढ़ कर अपनी उपस्थिति दर्ज की ।

गरबा महोत्सव के दौरान छोटे बच्चे से लेकर बड़े प्रतिदिन अलग-अलग थीम के अनुसार पारंपरिक एवं आधुनिक वेश भूषा में शामिल हुए जिससे इस रंगारंग आयोजन में चार चाँद लग गए।

मंडल द्वारा प्रतिदिन विभिन्न आकर्षक पुरस्कार प्रदान किये गए जिसमें गरबा प्रिंस, गरबा प्रिंसेस, गरबा किंग, गरबा क्वीन, बेस्ट कपल, बेस्ट ग्रुप परफॉरमेंस प्रमुख है। अग्रवाल नवयुवक मंडल के प्रवक्ता ने बताया कि प्रतिदिन गरबा महोत्सव की शुरुआत माँ जगदम्बा भवानी की आरती के साथ होती है एवं अखंड दीप प्रज्वलित किया जाता है,जो मानव शरीर में मौजूद आत्मा और दिव्य प्रकाश का प्रतीक है। गरबा शब्द का अर्थ सृजन या माता का गर्भ होता है और गरबा नृत्य जीवन, जन्म और पुनर्जन्म का प्रतीक माना जाता है है एवं नर्तक जब गोल घेरे में घूमकर तालियों की थाप और पारंपरिक गीतों के साथ नृत्य करते है तो यह घेरा ब्रह्माण्ड की गोलाकार गति को दर्शाता है।

साथ ही यह नृत्य स्त्री ऊर्जा, प्रजनन क्षमता एवं माँ जगदम्बा भवानी के अनेक रूपों की पुजा होती है,नगर के सभी समाज के लोगो को इस महापर्व में शामिल करने की प्रेरणा भगवान श्री अग्रसेन जी की शुद्ध समाजवाद की भावना से प्रेरित है।


अन्य पोस्ट