गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 16 नवंबर। नगर के सरस्वती शिशु मंदिर में माता की भक्ति- सेवा और समर्पण का पर्व नवरात्री हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। नन्ही बालिकाओं के देवी के नौ रूप में साज सज्जा से साक्षात मां दुर्गा दर्शन हुए। नवदुर्गा झांकी नें सभी के मन मोह लिए। प्राचार्य गौरीशंकर निर्मलकर, वरिष्ठ शिक्षक नरेश यादव, कृष्ण कुमार वर्मा, नें दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सामूहिक आरती जय अम्बे गौरी.. के साथ ही नव दुर्गा की पूजा-अर्चना की गई।
जसगीतों से पूरा विद्यालय परिसर भक्ति के रंग में डूब गया। शारद मोर सती मां. मोर गांव के शीतला दाई.. चैत्र महीना दाई, मान जाना दाई,.. पाटन पुर के पाट देवता..तोला बंदव वो दाई. हंस के उठे विहस के माता..देवी गीतों पर ढोल- नगाड़े -मंजीरे की थाप पर सभी के नन्हे कदम थिरकने लगे। हर कोई माता रानी के प्रेम में झूमने लगे, मातारानी के जयकारे से पूरा परिसर गुंजित होने लगा। कक्षा सातवीं का बालक मयंक मिश्रा दुर्गा के रूप में सबसे आकर्षण का केंद्र रहा। खुशबू, श्वेता, हर्ष, अपूर्वा, मुस्कान दिव्या, यूथिका, डिगेन्द्र एवं साथियो नें सेवागीत,झांकी एवं गरबा नृत्य की सुंदर प्रस्तुति दी।