गरियाबंद

पटवारियों की बेमुद्दत हड़ताल जारी
15-Oct-2026 8:15 PM
पटवारियों की बेमुद्दत हड़ताल जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 15 अक्टूबर। जिला मुख्यालय स्थित गांधी मैदान में जिला राजस्व पटवारी संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल तीसरे दिन भी जारी रही। प्रदेश पटवारी संघ के आह्वान पर जिले के पटवारी चार सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। संघ ने पीवी एप के माध्यम से कराए जा रहे फसलों के भौतिक सत्यापन कार्य का बहिष्कार करते हुए, पटवारियों के खिलाफ की गई निलंबन एवं स्थानांतरण की कार्रवाई को बिना शर्त वापस लेने की मांग की है। इसके साथ ही राजस्व निरीक्षक पद पर पदोन्नति सहित अन्य लंबित मांगों के निराकरण की मांग उठाई गई है।

जिला पटवारी संघ के अध्यक्ष गुलशन यादव ने बताया कि पीवी एप के माध्यम से किसानों की फसलों का भौतिक सत्यापन करने में कई व्यावहारिक एवं तकनीकी समस्याएं सामने आ रही हैं। इन समस्याओं के कारण किसान और पटवारी दोनों प्रभावित हो रहे हैं। संघ द्वारा पूर्व में ज्ञापन के माध्यम से शासन और विभागीय अधिकारियों को समस्याओं से अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक उनका समाधान नहीं हो पाया है।

संघ के अनुसार, बलौदाबाजार में पीवी एप के बहिष्कार के दौरान अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे पटवारियों के खिलाफ स्थानांतरण, कारण बताओ नोटिस और निलंबन जैसी कार्रवाई की गई है। पटवारी संघ ने इन कार्रवाइयों को अनुचित बताते हुए विरोध जताया है। संघ का आरोप है कि संबंधित आदेश द्वेषपूर्ण एवं पूर्वाग्रह से ग्रस्त हैं।

पटवारी संघ ने मांग की है कि पटवारियों के खिलाफ की गई निलंबन एवं स्थानांतरण की कार्रवाई निरस्त कर बिना शर्त वापस ली जाए। साथ ही पीवी एप से जुड़ी तकनीकी एवं व्यावहारिक समस्याओं का निराकरण किया जाए और राजस्व निरीक्षक पद पर पदोन्नति सहित अन्य लंबित मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाए।संघ ने स्पष्ट किया है कि मांगों का समाधान नहीं होने तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी।


अन्य पोस्ट