गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 14 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ तकनीकी सहायक कर्मचारी संघ की प्रदेशव्यापी मांगों के समर्थन में गरियाबंद जिला इकाई के तकनीकी सहायक कर्मचारियों ने रावणभाठा धरना स्थल पर तीन दिवसीय सांकेतिक हड़ताल शुरू कर दी है। जिला इकाई के कर्मचारियों ने कार्यक्रम अधिकारी सिराज खान की अगुवाई में धरना देते हुए नियमितीकरण, विभागीय समायोजन, सेवा सुरक्षा और समय पर वेतन भुगतान सहित विभिन्न मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
नियमित पदों के सृजन और विभागीय समायोजन की मांग
संघ की प्रमुख मांगों में विकसित भारत–जी राम जी योजना के अंतर्गत कार्यरत तकनीकी सहायकों के लिए नियमित पदों का सृजन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में विभागीय समायोजन और नियमितीकरण होने तक स्पष्ट सेवा नियम लागू करना शामिल है। इसके साथ ही कर्मचारियों ने पदनाम बदलकर ‘कनिष्ठ अभियंता (ङ्कक्च-त्र क्र्ररू त्र)’ करने, वार्षिक वेतन वृद्धि, यात्रा भत्ता और अतिरिक्त कार्यभार के उचित निर्धारण की मांग भी उठाई है।
महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों के बावजूद सेवा असुरक्षा
संघ के अनुसार तकनीकी सहायक ग्रामीण विकास योजनाओं के तकनीकी परीक्षण, प्राक्कलन तैयार करने, मूल्यांकन तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद कर्मचारियों को सेवा संबंधी अनिश्चितता और विभिन्न योजनाओं का अतिरिक्त कार्यभार झेलना पड़ रहा है। इससे कर्मचारियों में असंतोष बना हुआ है।
लंबित मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील.
जिला इकाई ने शासन से लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है। संघ का कहना है कि तकनीकी सहायकों की समस्याओं का समाधान होने से कर्मचारियों को सेवा सुरक्षा मिलेगी और ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन के साथ निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में भी सुधार होगा। अब कर्मचारियों की नजर शासन के रुख और मांगों पर होने वाली कार्रवाई पर टिकी है।