गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 13 अक्टूबर। महाराजा अग्रसेन जी के आदर्श केवल समाज की धरोहर नहीं, बल्कि आपसी एकता, सहयोग और सेवा भावना से मजबूत भविष्य के निर्माण का मार्ग भी हैं। इसी संदेश के साथ छत्तीसगढ़ी अग्रवाल समाज राजिम-अभनपुर इकाई के तत्वावधान में अभनपुर के राजिम रोड स्थित एक व्यावसायिक परिसर में अग्रसेन जयंती समारोह श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम में समाज के लोगों ने महाराजा अग्रसेन जी की पूजा-अर्चना, आरती कर प्रसाद वितरण किया। इस अवसर पर समाज के केंद्रीय उपाध्यक्ष श्याम अग्रवाल ने सामाजिक एकजुटता, पारस्परिक सहयोग और नई पीढ़ी को संस्कारों से जोडऩे की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि आधुनिक युग में भी महाराजा अग्रसेन के सिद्धांत समाज को सही दिशा देने में प्रासंगिक हैं।
उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक मजबूती तभी संभव है, जब सभी वर्गों और परिवारों के बीच आपसी सहयोग एवं सद्भाव की भावना विकसित हो। व्यापारिक उन्नति के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन भी जरूरी है। महाराजा अग्रसेन जी ने अहिंसा, नैतिकता, परोपकार और समाज के प्रति समर्पण का जो मार्ग दिखाया, उसे जीवन में अपनाकर समाज को और अधिक संगठित एवं सशक्त बनाया जा सकता है।
उन्होंने नई पीढ़ी को समाज की संस्कृति, इतिहास और गौरवशाली परंपराओं से जोडऩे पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि सामाजिक गतिविधियों का उद्देश्य केवल आयोजन तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इनके माध्यम से पारस्परिक संबंधों को मजबूत करने, जरूरतमंदों की सहायता करने और युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का प्रयास होना चाहिए।
सामाजिक लोगों ने रखे विचार
कार्यक्रम में समाज के केंद्रीय उपाध्यक्ष श्याम अग्रवाल के साथ उमेश अग्रवाल (अभनपुर), दीपक अग्रवाल (राजिम), श्रीजय अग्रवाल (अभनपुर) एवं संजय अग्रवाल (कल्ले) ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों को आत्मसात करने और समाज में एकता, सहयोग तथा सेवा कार्यों को बढ़ावा देने की अपील की।