गरियाबंद

काव्य किसलय में 18 बाल कवयित्रियों की रचनाएं शामिल
12-Oct-2026 7:29 PM
काव्य किसलय में 18 बाल कवयित्रियों की रचनाएं शामिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 12 अक्टूबर। छोटी उम्र, बड़ी सोच और शब्दों में रचनात्मकता का अद्भुत संगम करेली बड़ी की 18 बाल कवयित्रियों ने अपनी लेखनी से साहित्यिक क्षेत्र में नई पहचान बनाई है।

पिछले दिनों रायपुर की वरिष्ठ बाल महिला साहित्यकार किरण लता वैद्य के संपादन में प्रकाशित काव्य संकलन ‘काव्य किसलय’ बाल (कविता संकलन) में इन बाल कवयित्रियों की रचनाओं को स्थान मिला है। यह उपलब्धि न केवल इन बच्चों के लिए, बल्कि करेली बड़ी के लिए भी गौरव का विषय है। यह सफलता ‘आओ कविता लिखें’ समूह के संस्थापक एवं शायर जितेन्द्र सुकुमार ‘साहिर’ के मार्गदर्शन में बच्चों को दिए जा रहे निरंतर प्रशिक्षण और प्रोत्साहन का परिणाम है।

 समूह से जुड़े बच्चे कविता लेखन के साथ-साथ विभिन्न साहित्यिक मंचों पर काव्य पाठ कर अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन कर रहे हैं। ‘काव्य किसलय’ में वंदना सेन, साक्षी सेन, अंजलि ध्रुव, हिना साहू, डिगेश्वरी सिन्हा, भावना साहू, कुमकुम, गीतांजलि भारती, जानकी साहू, नीलम बघेल, प्रीति साहू,सरोज भारती, तारिणी साहू, निशा पाल, यामिनी निषाद, जितेश्वरी सिन्हा, गूंजा साहू और नीलम साहू की रचनाएं शामिल हैं।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर वक्ता मंच रायपुर की टीम ने विद्यालय पहुंचकर सभी बाल कवयित्रियों का सम्मान किया। वक्ता मंच के अध्यक्ष राजेश पराते,संयोजक शुभम साहू तथा सहयोगी ऋषभ साहू और अमित चौहान, तुकाराम कंसारी ,परमकुमार ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी साहित्यिक प्रतिभा की सराहना  प्रशास्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम महेंद्र साहू,पूर्व अध्यक्ष नगर पंचायत करेली बड़ी, मुकेश कुमार साहू,अध्यक्ष शाला विकास समिति तथा प्राचार्य कोमल सिंह साहू,राजाराम रसिक के आतिथ्य में सम्पन्न हुआ।


अन्य पोस्ट