गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 11 अक्टूबर। अभनपुर क्षेत्र के ग्राम केंद्री में एक बेटे ने कथित तौर पर अपने पिता की चाकू से वार कर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, मृतक अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था और बेटे के संबंध में भी बातें करता था, जिससे आक्रोशित होकर बेटे ने रसोई में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से पिता के गले पर वार कर दिया।
वारदात के बाद आरोपी ने मामले को छिपाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की जांच और पूछताछ में मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम केंद्री निवासी डोमार साहू (48) 9 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे शराब के नशे में अपनी पत्नी दुलेश्वरी साहू से चरित्र को लेकर विवाद कर रहा था। इसी दौरान उनका 22 वर्षीय बेटा डोमेश साहू घर पहुंचा। विवाद के दौरान परिवार के बीच आपसी आरोप-प्रत्यारोप को लेकर तनाव बढ़ा, जिससे डोमेश गुस्से में आ गया।
आक्रोशित होकर उसने रसोई में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से पिता पर वार कर दिए। बचाव के दौरान डोमार के दाहिने हाथ की कलाई के पास भी चोट आई। गंभीर चोटों के कारण उनकी मृत्यु हो गई। घटना के समय मृतक की पत्नी भी मौके पर मौजूद थीं।
पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी ने सच्चाई छिपाने का प्रयास किया। उसने अपने पहने हुए कपड़े गांव के बड़े नहर-नाले में फेंक दिए और घर लौटकर परिजनों तथा आसपास के लोगों को यह जानकारी दी कि उसके पिता ने आत्महत्या कर ली है। हालांकि, घटनास्थल की परिस्थितियों और पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध पाया गया।
घटना की सूचना ग्राम केंद्री के सरपंच द्वारा रात करीब 11.30 बजे अभनपुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। संदेह के आधार पर फॉरेंसिक साइंस लैब (स्नस्रु) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस पूछताछ में आया सच
पुलिस ने संदेह के आधार पर बेटे डोमेश साहू से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू सहित अन्य साक्ष्य जब्त कर लिए हैं। घटना के बाद कपड़े नहर-नाले में फेंकने और मामले को दूसरा रूप देने के पहलुओं की भी जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।