गरियाबंद
11 से 19 तक होंगे धार्मिक आयोजन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 8 अक्टूबर। क्वार नवरात्रि के पावन पर्व पर शहर सहित अंचल के सभी शीतल मंदिरों एवं माता देवालयों में मनोकामना ज्योति, जावरा के साथ-साथ जगह-जगह माता दुर्गा की प्रतिमा स्थापना कर बड़े धूमधाम से नवरात्रि पर्व मनाया जाएगा।
जय मां काली मंदिर समिति नवापारा द्वारा क्वार नवरात्रि पर्व के अवसर पर विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। नवरात्रि पर्व 11 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
नवरात्रि के प्रथम दिन 11 अक्टूबर रविवार को दोपहर 1.30 से 3 बजे तक विधि-विधान से घट स्थापना एवं मनोकामना ज्योति प्रज्ज्वलित की जाएगी। समिति ने धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से इस धार्मिक आयोजन में शामिल होकर मां काली का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। 15 अक्टूबर गुरुवार को पंचमी पूजा का आयोजन होगा। वहीं 18 अक्टूबर रविवार को शाम 5 बजे अष्टमी पूजा, हवन एवं पूर्णाहुति संपन्न होगी। 19 अक्टूबर सोमवार को नवमी के अवसर पर ज्योति विसर्जन किया जाएगा। इसी दिन सुबह 9 बजे कुंवारी कन्या भोज का आयोजन भी होगा। मंदिर समिति के अनुसार नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन सुबह और शाम 7 बजे आरती होगी, जबकि प्रतिदिन सुबह 11 बजे भोग लगाया जाएगा। समिति ने स्पष्ट किया है कि ज्योति कलश में केवल तेल का ही प्रज्वलन किया जाएगा। मनोकामना ज्योति का प्रसाद नवरात्रि विसर्जन के बाद 15 दिनों के भीतर प्राप्त किया जा सकेगा।
मंदिर समिति के अध्यक्ष मेघनाथ साहू, सचिव चतुर सिंग जगत एवं कोषाध्यक्ष छनूलाल साहू सहित समस्त पदाधिकारी एवं सदस्यों ने श्रद्धालुओं से नवरात्रि के सभी आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धार्मिक कार्यक्रमों को सफल बनाने की अपील की।