गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 7 अक्टूबर। शहर के युवा शायर तथा जिला रत्नांचल साहित्य एवं जन कल्याण समिति के अध्यक्ष जितेंद्र सुकुमार साहिर ने राजधानी रायपुर स्थित राजभवन में राज्यपाल रमेन डेका से सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने अपनी हाल ही में प्रकाशित शायरी की पुस्तक ‘मेरे हिस्से का दर्द’ राज्यपाल को भेंट की।
राज्यपाल रमेन डेका ने पुस्तक प्राप्त करने के बाद साहिर को प्रकाशन के लिए बधाई दी और साहित्य के क्षेत्र में उनकी निरंतर सक्रियता की सराहना की। उन्होंने साहिर के उज्ज्वल साहित्यिक भविष्य की कामना करते हुए लेखन यात्रा को आगे भी निरंतर जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया। साहिर ने बताया कि ‘मेरे हिस्से का दर्द’ में मानवीय संवेदनाओं, जीवन के विविध अनुभवों और समाज के विभिन्न पहलुओं को शायरी के माध्यम से स्वर देने का प्रयास किया गया है। उनके अनुसार, किसी रचनाकार के लिए इससे बड़ी उपलब्धि और संतोष की बात नहीं हो सकती कि उसकी रचनाएं पाठकों के मन तक पहुंचें और उन्हें आत्मीय सराहना मिले। राज्यपाल से हुई यह साहित्यिक भेंट साहिर ने अपने रचनात्मक सफर का महत्वपूर्ण पड़ाव बताया।
लगातार साहित्य साधना और सृजनधर्मिता के चलते साहिर ने अपनी अलग साहित्यिक पहचान कायम की है। उनकी रचनाओं में मानवीय संवेदना, सामाजिक सरोकार और जीवन के विविध रंगों की प्रभावी अभिव्यक्ति दिखाई देती है। यही वजह है कि वे अब छत्तीसगढ़ की साहित्यिक परिधि से निकलकर देशभर में अपनी रचनात्मक पहचान बना रहे हैं।