गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 4 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के दौरान चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों के तहत युवा भाजपा नेता किशोर देवांगन ग्राम नवागांव के आंगनबाड़ी में पहुंचे और आंगन मिलन सेवा के अंतर्गत वहां मौजूद बच्चों को न्यौता भोज दिया। जिसके तहत बच्चों को विभिन्न स्वादिष्ट पकवान दिए गए।
इसके अलावा गर्भवती माताओं की गोदभराई और नौनिहाल बच्चों का अन्नप्रासन भी संपन्न कराया। इसके बाद देवांगन ग्राम दुलना पहुंचे और वहां मां शीतला तालाब में ग्रामवासियों के साथ मां गंगा के रूप में तालाब की आरती की। दोनों ही ग्रामों में देवांगन ने लोगों को बताया कि प्रधानमंत्री मोदी पिछले 25 वर्षों से सार्वजनिक जीवन में हैं। इस दौरान 12 वर्षों तक उन्होंने मुख्यमंत्री के रूप में गुजरातवासियों की सेवा की और पिछले 13 वर्षों से प्रधानमंत्री के रूप में देशवासियों की सेवा करते हुए देश को सशक्त, समृद्ध और सुरक्षित बनाए हुए हैं। उनका पूरा प्रयास है कि देश और देश का हर नागरिक आत्मनिर्भर हो, इसके लिए उनके नेतृत्व में भारत सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं, मोदी जी ने भारतवासियों की तकदीर एवं तस्वीर बदल दी।