गरियाबंद

विस्थापन के विरोध में सैकड़ों ग्रामीणों की पदयात्रा, कलेक्टोरेट पहुंचकर सौंपा ज्ञापन
01-Oct-2026 7:18 PM
विस्थापन के विरोध में सैकड़ों ग्रामीणों की पदयात्रा, कलेक्टोरेट पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 1 अक्टूबर। बिंद्रानवागढ़ के अनुसूचित क्षेत्र में प्रस्तावित विस्थापन और भूमि चिन्हांकन के विरोध में बुधवार को कचना धुर्वा पैरी नदी ग्राम सभा फेडरेशन के बैनर तले सैकड़ों ग्रामीणों और आदिवासियों ने पदयात्रा कर कलेक्टोरेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने ग्राम सभा के अधिकारों, लंबित सामुदायिक वन अधिकार (सीएफआर), हाथी प्रभावित गांवों की सुरक्षा और फसल क्षति के उचित मुआवजे सहित विभिन्न मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी की।

ग्रामीण कलेक्टर से सीधे मुलाकात कर अपनी मांगें रखने पर अड़े रहे। बाद में कलेक्टर रणबीर शर्मा ने स्वत: संज्ञान लेते हुए आदिवासी  ग्रामीणों से मुलाकात कर उनका ज्ञापन लिया। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि ज्ञापन में शामिल मांगों की जांच की जाएगी और जो मांगें नियमानुसार जायज होंगी, उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

ग्राम सभा की सहमति के बिना भूमि चिन्हांकन का विरोध

फेडरेशन की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि बिंद्रानवागढ़ क्षेत्र के अनेक गांव अनुसूचित क्षेत्र में आते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पेसा क्षेत्र में ग्राम सभा को प्राकृतिक संसाधनों, सामुदायिक संसाधनों और वन प्रबंधन से जुड़े मामलों में महत्वपूर्ण अधिकार प्राप्त हैं। इसके बावजूद विस्थापन की प्रक्रिया के तहत ग्राम सभाओं से विधिवत परामर्श किए बिना आसपास की भूमि को दिखाए अथवा चिन्हित किए जाने की जानकारी सामने आ रही है। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि संबंधित ग्राम सभाएं अपनी भूमि विस्थापन के लिए देने के पक्ष में नहीं हैं।

ज्ञापन में लंबित सामुदायिक वन अधिकार (सीएफआर) के दावों का तत्काल निराकरण कर अधिकार पत्र जारी करने की मांग की गई। ग्रामीणों ने कहा कि वन एवं प्राकृतिक संसाधनों पर समुदाय के अधिकारों को सुनिश्चित किया जाना जरूरी है। साथ ही किसी भी शासकीय या वन संबंधी कार्य की रूपरेखा तैयार करने से पहले संबंधित ग्राम सभा से परामर्श करने की मांग की गई।

प्रदर्शन के दौरान हाथी प्रभावित गांवों की समस्या भी प्रमुखता से उठाई गई। ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों के कारण खेतों में फसल को लगातार नुकसान हो रहा है। उन्होंने हाथी प्रभावित गांवों के लिए विशेष राहत पैकेज, ग्रामीणों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और हाथियों के आवास एवं कॉरिडोर का वैज्ञानिक अध्ययन कराने की मांग की। फसल नुकसान के अनुरूप मुआवजा राशि बढ़ाने की मांग भी ग्रामीणों ने रखी।

ग्रामीणों ने ज्ञापन के माध्यम से सीएफआर अधिकार पत्र जारी करने, विस्थापन के लिए भूमि का उपयोग नहीं करने, हाथी प्रभावित गांवों के लिए विशेष पैकेज, हाथियों से सुरक्षा, हाथी कॉरिडोर का अध्ययन, वन कार्यों से पहले ग्राम सभा से परामर्श, प्रत्येक शासकीय कार्य में पेसा एवं वन अधिकार कानून के प्रावधानों का पालन तथा उच्चस्तरीय निगरानी समिति गठित करने सहित मांगें रखीं।

ग्रामीण प्रतिनिधियों ने कहा कि ग्राम सभा की सहमति और अधिकारों की अनदेखी कर विस्थापन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई तो क्षेत्र के ग्रामीण इसका विरोध करेंगे। उन्होंने शासन-प्रशासन से मांगों पर गंभीरता से विचार कर समयबद्ध कार्रवाई करने की मांग की है।


अन्य पोस्ट