गरियाबंद
गरियाबंद , 29 सितंबर। वोट चोरी के आरोपों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। रावणभाठा मैदान में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन के बाद कांग्रेसियों ने कलेक्ट्रेट तक विरोध मार्च निकाला।
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर बड़ी संख्या में जवानों की तैनाती की थी। कलेक्ट्रेट के सामने पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स पर चढक़र कांग्रेसियों ने जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध दर्ज कराया। इस दौरान कांग्रेस ने राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त की गिरफ्तारी, उनके निर्णयों की समीक्षा और कथित चुनावी अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग की।
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखचंद बेसरा, संजय नेताम, रीिति सिंन्हा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और कार्यकर्ता शामिल हुए।