गरियाबंद

महानदी में भीषण बाढ़, सैकड़ों घरों में घुसा पानी
26-Sep-2026 4:54 PM
महानदी में भीषण बाढ़,  सैकड़ों घरों में घुसा पानी

 जिला प्रशासन व बाढ़ पीडि़तों की सुध नहीं ले रहा है

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 26 सितंबर। अंचल में लगातार वर्षा एवं गंगरेल सहित अन्य बांधों से छोड़ी जा रही पानी के कारण नवापारा सहित आसपास के ग्रामीण अंचल में भीषण बाढ़ की स्थिति निर्मित हो गई है। नवापारा शहर के निचले बस्ती सोमवारी बाजार, श्रीराम जानकी पारा, देवारपारा, भागू बंगानी निवास के पीछे, पुराना बस स्टैंड, बगदेहीपारा, पुराना नलघर परिसर आदि शहर की आधी आबादी बाढ़ की चपेट में है। निचले इलाकों में हालात बिगड़ते जा रहे हैं। नेहरू घाट स्थित सब्जी बाजार पूरी तरह पानी में डूब गया है। वहीं सोमवारी बाजार की निचली बस्ती में पानी घरों तक पहुंच गया है। गरीब परिवारों के आशियानों पर संकट गहराता जा रहा है।

जानकारों का मानना है कि ऐसी बाढ़ पहले कभी नहीं देखी

जानकारी के मुताबिक, इंदिरा मार्केट से गंज रोड जाने वाले मार्ग पर करीब 5 से 10 फीट तक पानी भर गया है। सडक़ जलमग्न होने से आवागमन प्रभावित है। शनि मंदिर, संतोषी माता मंदिर सहित आसपास की दुकानों और घरों में भी पानी घुस गया है। दुकानदार सामान बचाने में जुटे हैं, जबकि रहवासी बढ़ते पानी को लेकर चिंतित हैं।

इधर गंगरेल जलाशय 99.01 प्रतिशत भर चुका है और करीब 3 लाख क्यूसेक पानी महानदी में छोड़े जाने से नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। सिकासार जलाशय 89.32 प्रतिशत भर चुका है और उसके 12 गेट तीन फीट तक खोले गए हैं। यहां से करीब 20 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। मुरुमसिल्ली जलाशय 100 प्रतिशत भर चुका है, जबकि दुधावा और सोंढूर से भी पानी छोड़ा जा रहा है।

प्रशासन ने लोगों से की अपील

बांधों के पानी और लगातार बारिश के बीच महानदी का रौद्र रूप अब नवापारा-राजिम के निचले इलाकों में साफ दिखाई दे रहा है। बाजार, सडक़, मंदिर और बस्तियां जलभराव की चपेट में हैं। प्रशासन द्वारा लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा स्थिति बिगडऩे पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है। वही बाढ़ पीडि़तों का कहना है कि जिला प्रशासन एवं स्थानीय प्रशासन द्वारा बाढ़ पीडि़तों का जरा भी सुध नहीं ले रहा है। जरूरत से पहले लाइट काट दिया गया। जिससे लोगों को घरों से सामान निकाल कर सुरक्षित स्थान तक ले जाना मुश्किल हो गया। इस प्रकार लोगों खाद्य सामग्री एवं दिनचर्या सामानों की नुकसान एवं कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बाढ़ की स्थिति इतनी तेज रफ्तार थी कि मिनटों में ही जल भराव की स्थिति बन गई। लोगों का लाखों की नुकसान होने की अनुमान है।


अन्य पोस्ट