गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 22 सितंबर। छत्तीसगढ़ शासन परिवहन विभाग के निर्देशानुसार गरियाबंद जिले में 7 अतिरिक्त परिवहन सुविधा केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए इच्छुक एवं पात्र आवेदकों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जिले के गरियाबंद, छुरा, फिंगेश्वर, मैनपुर और देवभोग विकासखंडों में इन केंद्रों की स्थापना की जाएगी।
जानकारी के अनुसार गरियाबंद में 2, छुरा में 1, फिंगेश्वर में 2, मैनपुर में 1 तथा देवभोग में 1 परिवहन सुविधा केंद्र स्थापित किया जाना है। इच्छुक आवेदक निर्धारित 200 रुपये शुल्क जमा कर जिला परिवहन कार्यालय, गरियाबंद में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 शाम 5.30 बजे निर्धारित की गई है। निर्धारित समय के बाद प्राप्त आवेदनों को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सुविधा केंद्र के लिए जिले के स्थानीय निवासियों को प्राथमिकता दी जाएगी। आवेदन शुल्क किसी भी स्थिति में वापस नहीं किया जाएगा।
आवेदन से संबंधित अर्हता, नियम एवं शर्तों की जानकारी जिला परिवहन कार्यालय गरियाबंद में कार्यालयीन दिवसों में प्राप्त की जा सकती है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ शासन परिवहन विभाग द्वारा जारी परिवहन सुविधा केंद्र मार्गदर्शिका-2022 का अवलोकन भी किया जा सकता है।