गरियाबंद

चाकुओं के साथ घूम रहे 3 बंदी, कई ने जमा किए हथियार
18-Sep-2026 7:16 PM
चाकुओं के साथ घूम रहे 3 बंदी, कई ने जमा किए हथियार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 18 सितंबर। आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों और चाकूबाजी पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में गोबरा नवापारा थाना पुलिस ने फूलचंद कॉलेज नवापारा के खेल मैदान और आसपास धारदार चाकू लेकर घूम रहे तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन धारदार चाकू बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि फूलचंद कॉलेज के खेल मैदान और आसपास कुछ लोग धारदार चाकू लेकर आम लोगों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्धों को पकडक़र तलाशी ली। तलाशी के दौरान तीनों आरोपियों के कब्जे से एक-एक धारदार चाकू बरामद हुआ। हथियारों को गवाहों की मौजूदगी में विधिवत जब्त किया गया।

आरोपियों की पहचान लोचन उर्फ लक्की साहू (23 वर्ष) निवासी दम्मानी कॉलोनी, नवापारा। इसके कब्जे से बटनदार धारदार चाकू बरामद किया गया। सौरभ पाल (21 वर्ष) निवासी दम्मानी कॉलोनी नवापारा। इसके कब्जे से धारदार स्टील का चाकू बरामद हुआ और मनीष पाल (20 वर्ष) निवासी दम्मानी कॉलोनी, नवापारा। इसके कब्जे से धारदार स्टील का चाकू बरामद किया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 25, 27 आम्र्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय रायपुर भेज दिया है।

रायपुर रेंज पुलिस महानिरीक्षक द्वारा चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गोबरा नवापारा पुलिस द्वारा आम नागरिकों के साथ संवाद और जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच विश्वास, सहयोग एवं सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है।

इसी क्रम में पुलिस ने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की कि वे अवैध हथियार अपने पास न रखें और ऐसे हथियारों को स्वेच्छा से पुलिस के समक्ष समर्पित करें। पुलिस के मुताबिक, अपील के बाद नागरिकों ने तलवार, चाकू और अन्य धारदार हथियार पुलिस को सौंपे हैं। पुलिस ने नागरिकों से अवैध हथियारों के संबंध में जानकारी देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। अभियान के तहत क्षेत्र में जनसहयोग से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का प्रयास जारी रहेगा।


अन्य पोस्ट