गरियाबंद

नशा-मुक्त तेली समाज के लिए उपाध्यक्ष पार्वती का आह्वान
17-Sep-2026 9:30 PM
नशा-मुक्त तेली समाज के लिए उपाध्यक्ष पार्वती का आह्वान

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

राजिम, 17 सितंबर। तेली समाज को नशामुक्त, शिक्षित एवं संस्कारवान बनाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ मूल निवासी संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष पार्वती साहू ने समाज के भाइयों और युवाओं से शराब सहित अन्य नशे से दूर रहने की भावपूर्ण अपील की है।

उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार की आर्थिक स्थिति, आपसी संबंधों और बच्चों के भविष्य पर भी इसका असर पड़ता है। मेहनत से अर्जित धन को नशे में खर्च करने के बजाय परिवार, बच्चों की शिक्षा और बेहतर भविष्य के निर्माण में लगाना चाहिए।  उन्होंने कहा कि परिवार में महिलाओं का सम्मान और बच्चों के प्रति जिम्मेदारी प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। नशे के कारण होने वाले विवाद और घरेलू कलह से परिवार का वातावरण प्रभावित होता है। इसलिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को नशे से दूर रहकर स्वस्थ और सुखी परिवार के निर्माण में योगदान देना चाहिए।

उन्होंने युवाओं और समाज के लोगों से आह्वान किया कि नशे की जगह विद्या, व्यापार, मेहनत और समाजसेवा का जुनून अपनाएं। सामाजिक आयोजनों और पारिवारिक कार्यक्रमों में भी नशामुक्त वातावरण को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि तेली समाज को सभ्य, शिक्षित और सशक्त बनाना है तो नशे से दूरी और शिक्षा, संस्कार एवं मेहनत को जीवन का आधार बनाना होगा।


अन्य पोस्ट