गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 14 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 सितम्बर को जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों कार्यक्रमों की रूपरेखा एवं सुचारू संचालन को लेकर भाजपा द्वारा अभनपुर में विधानसभा स्तरीय विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभनपुर विधानसभा के विधायक इंद्र कुमार साहू ने शिरकत कर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक इंद्रकुमार साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस समाज सेवा,समर्पण और जनकल्याण के संकल्प को दोहराने का अवसर है। उन्होंने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित होने वाले आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा करते हुए कार्यकर्ताओं से अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी ऊर्जा और एकजुटता के साथ जुटने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता सेवा और समर्पण की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने के लिए संकल्पित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा कार्यों के माध्यम से मनाकर उनके जनकल्याणकारी संकल्प को आगे बढ़ाना ही अभियान का उद्देश्य है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रमों की तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने तथा ‘सेवा संकल्प अभियान’ को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। बैठक में प्रमुख रूप से जिला प्रभारी सुरेंद्र पटनी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य देवकर साहेब, मण्डल अध्यक्ष भारत बैस सहित अभनपुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में विधायक इंद्रकुमार साहू ने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने और इसे जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाने की अपील की।