गरियाबंद

बरसों से कार्यरत 5 हजार मीटर रीडरों के रोजगार संरक्षण की मांग
10-Sep-2026 4:19 PM
बरसों से कार्यरत 5 हजार मीटर रीडरों  के रोजगार संरक्षण की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 10 सितंबर। स्मार्ट मीटर, प्रीपेड मीटर और ऑटो पंचिंग व्यवस्था लागू होने से प्रदेशभर में वर्षों से कार्यरत करीब 5000 विद्युत मीटर रीडरों के सामने रोजगार संकट खड़ा हो गया है। इसे लेकर विद्युत मोटर रीडर श्रमिक संघ, द्वारा कलेक्टर के नाम अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौपा।

संघ ने कहा कि मीटर रीडरों ने 10 से 15 वर्षों तक विभागीय बिलिंग एवं फील्ड कार्यों में सेवाएं दी हैं और उन्हें विभागीय कार्यों का पर्याप्त व्यावहारिक अनुभव है। वर्तमान में भी केवाईसी, बिलिंग सहित विभिन्न कार्यों में उनकी सेवाएं ली जा रही हैं। ज्ञापन में मांग की गई है कि मीटर रीडरों को केवाईसी, स्मार्ट मीटर फील्ड कार्य, मीटर सत्यापन, उपभोक्ता सर्वे, डाटा सत्यापन, शिकायत निराकरण और कनेक्शन सत्यापन जैसे अन्य विभागीय कार्यों में समायोजित किया जाए। साथ ही प्रकरण को सीएसपीडीसीएल एवं ऊर्जा विभाग को भेजकर स्थायी रोजगार संरक्षण के लिए ठोस निर्णय लेने की अनुशंसा की जाए। संघ ने बताया कि अधिकांश मीटर रीडर 40 से 50 वर्ष की आयु के हैं। इसलिए उनके अनुभव और कार्यकुशलता को देखते हुए अन्य उपयुक्त विभागीय कार्यों में प्राथमिकता के आधार पर समायोजन किया जाए।

संघ की मांग है कि तकनीक बदले, लेकिन वर्षों से सेवा दे रहे मीटर रीडरों का रोजगार न छीना जाए।


अन्य पोस्ट