गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद,9 सितंबर । जिला कार्यालय के सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित जनदर्शन में जिले के विभिन्न ग्रामों से पहुंचे 46 नागरिकों ने अपनी मांग, समस्या और शिकायतों से संबंधित आवेदन कलेक्टर रणबीर शर्मा के समक्ष प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने सभी आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवेदनों का त्वरित एवं नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में ग्राम परसुली खुर्द की पार्वती बाई ने तेंदूपत्ता बीमा राशि दिलाने, परसदाकला के कौशलेन्द्र कुमार साहू ने परिवहन किराया राशि, ग्राम मुड़ागांव की शांति देवी ने पट्टा प्रदान करने तथा ग्राम नागझर के समारू राम ने पशुशेड दिलाने संबंधी आवेदन सौंपा। इसी तरह ग्राम जाड़ापदर के राजेश दुबे ने पीएम सम्मान निधि की राशि, ग्राम नागाबुड़ा की राधा बाई रात्रे ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास, ग्राम सढ़ौली के भुवन लाल ने पीएम आवास योजना की किस्त राशि तथा ग्राम जलकीपानी की पूर्णिमा यादव ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत मकान दिलाने की मांग को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया।
कलेक्टर श्री शर्मा ने आवेदकों की समस्याओं को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर आवश्यक कार्रवाई करने और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों के निराकरण में अनावश्यक देरी न हो और प्रकरणों का नियमानुसार त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जनदर्शन के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चंद्राकर सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।