गरियाबंद

साइबर ठगों से बचाव के लिए पेंशनर्स को किया जागरूक
08-Sep-2026 4:24 PM
साइबर ठगों से बचाव के लिए पेंशनर्स को किया जागरूक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 8 सितंबर। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत गरियाबंद पुलिस ने जिले के वरिष्ठ नागरिकों एवं पेंशनभोगियों के लिए विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कर्ण कुमार उइके, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस निशा सिन्हा सहित बैंक के अधिकारी एवं साइबर सेल की टीम मौजूद रही।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पेंशनर्स एवं वरिष्ठ नागरिकों को वर्तमान समय में बढ़ रहे ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी और साइबर अपराधों के संबंध में जानकारी दी गई। साइबर सेल की टीम ने प्रोजेक्टर के माध्यम से लघुफिल्म, पीपीटी और वास्तविक घटनाओं के उदाहरण प्रस्तुत कर ठगी के नए तरीकों और उनसे बचाव के उपाय बताए।

वरिष्ठ नागरिक साइबर ठगों के आसान निशाने पर

अधिकारियों ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों की जीवनभर की जमा पूंजी, पेंशन एवं फंड को देखते हुए साइबर ठग उन्हें निशाना बनाते हैं। डिजिटल अरेस्ट, फर्जी बैंक अधिकारी बनकर कॉल करना, लाइफ सर्टिफिकेट अपडेट करने और पेंशन बंद होने का डर दिखाकर ठगी जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं।

कार्यक्रम में पेंशनर्स को स्पष्ट रूप से बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाता नंबर, एटीएम/डेबिट कार्ड पिन, यूपीआई पिन और ओटीपी साझा न करें। बैंक या कोई सरकारी एजेंसी फोन पर ऐसी गोपनीय जानकारी नहीं मांगती।

डिजिटल अरेस्ट से रहें सावधान

पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट के संबंध में भी जागरूक करते हुए कहा कि पुलिस, सीबीआई या ईडी के नाम पर वीडियो कॉल कर डराने और गिरफ्तारी का भय दिखाने वाले लोगों के झांसे में न आएं। कोई भी सरकारी एजेंसी फोन पर गिरफ्तारी या पैसे जमा करने के लिए नहीं कहती।

इसके अलावा व्हाट्सएप या एसएमएस पर आने वाले संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा किसी के कहने पर मोबाइल में अनजान ऐप डाउनलोड नहीं करने की सलाह दी गई। पेंशन अथवा लाइफ सर्टिफिकेट अपडेट के नाम पर आने वाले फर्जी कॉल से सावधान रहने और आवश्यकता होने पर सीधे संबंधित बैंक शाखा या ट्रेजरी कार्यालय से संपर्क करने की अपील की गई।

ठगी होते ही 1930 पर करें शिकायत

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने वरिष्ठ नागरिकों से अपील की कि यदि वे किसी साइबर ठगी का शिकार हो जाते हैं तो बिना घबराए तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही नजदीकी थाना अथवा साइबर सेल से संपर्क करें।

 पुलिस ने बताया कि ठगी के बाद शुरुआती समय में शिकायत मिलने पर रकम को अपराधियों के खातों में होल्ड कराने की संभावना बढ़ जाती है।

कार्यक्रम के अंत में गरियाबंद पुलिस ने पेंशनर्स को साइबर जागरूकता का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की। वरिष्ठ नागरिकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का आग्रह किया।


अन्य पोस्ट