गरियाबंद

गजपल्ला जलप्रपात में युवक की डूबने से मौत
07-Sep-2026 3:23 PM
गजपल्ला जलप्रपात में युवक की डूबने से मौत

रायपुर से 5 दोस्तों संग पिकनिक मनाने पहुंचा था

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 7 सितंबर। गरियाबंद जिले के  गजपल्ला जलप्रपात में पिकनिक मनाने पहुंचे रायपुर के 19 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। युवक अपने पांच दोस्तों के साथ वाटरफॉल घूमने पहुंचा था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते पानी में डूब गया।

रायपुर के अशोक नगर निवासी आदित्य चौधरी (19) अपने पांच दोस्तों के साथ रविवार को गजपल्ला वाटरफॉल घूमने आया था। सभी दोस्त वाटरफॉल में घूमने और नहाने का आनंद ले रहे थे। इसी दौरान आदित्य नहाते समय अचानक गहरे पानी में चला गया। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

घटना की जानकारी दोस्तों ने तत्काल स्थानीय प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की गई। बाद में एसडीआरएफ की टीम ने करीब तीन घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक के शव को पानी से बाहर निकाला। पुलिस आवश्यक कार्यवाही कर शव परिजनों को सौंपा गया।

ज्ञात हो कि गजपल्ला वाटरफॉल क्षेत्र में पिछले वर्ष भी हादसा हो चुका है। इसके बाद प्रशासन की ओर से आसपास के संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाए गए थे। इसके बावजूद पर्यटक कई बार सुरक्षा निर्देशों की अनदेखी कर गहरे पानी में चले जाते हैं।

पुलिस और प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि पर्यटन स्थलों पर लगाए गए चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। विशेषकर बारिश के मौसम में वाटरफॉल और जलप्रपातों के आसपास पानी का बहाव तेज होने के साथ गहराई भी बढ़ जाती है। ऐसे में गहरे पानी में उतरने से बचें और अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें।


अन्य पोस्ट