गरियाबंद

शिक्षक दिवस पर पौधरोपण
06-Sep-2026 4:09 PM
शिक्षक दिवस पर पौधरोपण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 6 सितंबर। समीपस्थ ग्राम छांटा सेठ फूलचंद अग्रवाल स्मृति महाविद्यालय व कन्या हायर सेकेण्डरी स्कूल राष्ट्रीय सेवा योजना नवापारा व ग्रामीणों के संयुक्त तत्वाधान में शिक्षक दिवस पर विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें सैकड़ों पौधों का रोपण किया गया।

 प्रमुख रुप से अशोक, पीपल, आम, जामुन, कटहल, गुड़हल, नीम, बरगद, सीताफल, गुलमोहर रोपित किया गया। ग्राम के सरपंच प्रतिनिधि ऐशु कुमार साहू, गीता साहू प्रधान पाठक, डॉ.आर.के.रजक जिला संगठक, केवट कोशरिया,नीलकंठ यादव, शंकर लाल साहू, लाल जी साहू, टोमन साहू, श्यामा साडिल, अमिता तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति में शिक्षको का सम्मान फलदार पौधा भेंट कर किया गया। ऐशु साहू ने कहा वृक्षों का संरक्षण करें, हरे भरे वृक्षों की कटाई को रोकने में योगदान दे अपने जीवन में वृक्ष अवश्य लगाएं साथ ही गुरूजनों से शिक्षा लेकर अपना चरित्र का निर्माण करें। डॉ. रजक ने शिक्षक के महत्व को अनेक पौराणिक कथा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक का सम्मान ही देश का अभियान है। आज आधुनिक युग में अच्छे मार्ग दर्शक की जरूरत है जो हमारे भारतीय सभ्यता को जीवित रखें।

अमिता तिवारी ने कहा की वृक्ष हमारे जीवन का आधार है उनका संरक्षण संवर्धन सभी का दायित्व है हजारों वर्षों तक जीवित रहने वाले वृक्ष हमारे कई पीढिय़ों को जीवन प्रदान करते हैं प्रकृति ने हमें नि:शुल्क उपहार के रूप में हमें दिया है हम अपने दायित्वों को समझे। इस कार्यक्रम में तमन्ना रजक, दिगेशवरी, डाली गौरव ,योगीराज, विकास गितिका ,सुनिता, चंचल, पायल वरिष्ठ एवं कनिष्ठ स्वयंसेवक सहित 53 स्वयं सेवकों की गरिमामय उपस्थिति रही ।


अन्य पोस्ट