गरियाबंद

रक्षाबंधन का पवित्र पर्व समाज में सुरक्षा और सम्मान की भावना को मजबूत करता है-रूपसिंग साहू
29-Aug-2026 6:28 PM
रक्षाबंधन का पवित्र पर्व समाज में सुरक्षा और सम्मान की भावना को मजबूत करता है-रूपसिंग साहू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 29 अगस्त। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय सेवाकेंद्र खड़मा के ओम शांति भवन में रक्षाबंधन का पवित्र त्यौहार बड़े ही हर्षोल्लास और आध्यात्मिक उमंग के साथ मनाया गया। प्रात: 7.00 बजे से ही आस-पास के ग्रामों से ब्रह्माकुमारी बहनों से रक्षासूत्र बंधवाने के लिए लोगों का तांता लगा रहा, जो दोपहर तक चलता रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत परमपिता परमात्मा की याद और गीता ज्ञान मुरली से हुई। सेवाकेंद्र प्रभारी ब्रह्माकुमारी अंशु दीदी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि रक्षाबंधन केवल कलाई पर धागा बांधने का त्यौहार नहीं है, बल्कि यह पवित्रता, प्रेम और आत्मिक सुरक्षा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज हर आत्मा को विकारों से रक्षा की आवश्यकता है और सच्चा रक्षक निराकार परमात्मा शिव है। जब हम पवित्रता की राखी परमात्मा से बंधवाते हैं, तो जीवन के सारे दुख दूर हो जाते हैं।

उन्होंने सभी को काम, क्रोध, लोभ, मोह, अहंकार जैसे विकारों से मुक्त रहने का संकल्प दिलाया। सभा को पूर्व जनपद उपाध्यक्ष अवधराम साहू एवं सामाजिक कार्यकर्ता रूपसिग साहू ने भी संबोधित किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में उपस्थित सभी क्षेत्रवासियों को रक्षाबंधन के पवित्र पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।  उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा समाज में संस्कार और एकता का जो कार्य किया जा रहा है, वह सराहनीय है। यह त्यौहार भाई-बहन के प्रेम के साथ-साथ समाज में सुरक्षा और सम्मान की भावना को भी मजबूत करता है।

इस अवसर पर विशेष रूप से माताओं और बहनों ने बढ़-चढक़र भाग लिया और ब्रह्माकुमारी बहनों से रक्षासूत्र बंधवाया। ब्रह्माकुमारी अंशु दीदी एवं ब्रह्माकुमारी चंद्रिका बहन ने उपस्थित सभी ब्रह्मावत्सों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों को आत्म-स्मृति का तिलक लगाया, रक्षासूत्र बांधा और मुख मीठा कराया। सभी के चेहरों पर आध्यात्मिक खुशी और शांति स्पष्ट दिखाई दे रही थी। कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नीलकंठ सिंह ठाकुर, अगहन सिंह ठाकुर, यादव समाज जिला अध्यक्ष हेमलाल यादव, गोविन्दराम यादव, सरपंच जगबाई ध्रुव खड़मा, सरपंच हेमलाल नेताम रानीपरतेवा, पूर्णिमा कंवर, नारायण लाल निषाद, यादराम साहू, ग्राम प्रमुख लक्ष्मीदास सोनवानी, त्रिलोचन साहू, देवापी सोनी, साधुराम निषाद, प्रकाश सिन्हा, प्रमोद शर्मा,रवि साहू,भानु प्रताप साहू,जीवन साहू, मोनू, चंदू साहू, चंदन ठाकुर सहित ग्राम खड़मा, रानीपरतेवा, करचली, कोरासी, मढ़ेली, कनेसर, अकलवारा,गायडबरी,पिपरछेड़ी, छुरा से सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट