गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 27 अगस्त। धर्मनगरी राजिम के प्रवेश द्वार कहे जाने वाले महानदी पुल की बदहाली अब सीधे आम लोगों की जान पर भारी पडऩे लगी है। पुल पर स्ट्रीट लाइटों की स्थिति खराब है, पिछले करीब 15 दिनों से अंधेरा पसरा हुआ है। दिन में सडक़ पर दर्जनों गड्ढे और उखड़ी सतह वाहन चालकों की परेशानी बढ़ा रही है तो रात में बंद स्ट्रीट लाइटें इस खतरे को कई गुना बढ़ा रही हैं।
महानदी पर बना राजिम पुल रायपुर और गरियाबंद जिले को जोडऩे वाला बेहद महत्वपूर्ण मार्ग है। राजधानी रायपुर से जुड़ा यह मार्ग से राजिम, गरियाबंद, छुरा, मैनपुर और आगे ओडिशा की ओर बड़ी संख्या में वाहनों का आवागमन होता है। इसी मार्ग से राजिम के त्रिवेणी संगम, लक्ष्मण झूला, कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर, श्रीराजीव लोचन मंदिर सहित क्षेत्र के अनेक धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक श्रद्धालु एवं पर्यटक पहुंचते हैं। वर्षभर इस मार्ग पर यातायात का दबाव बना रहता है, जबकि शनिवार और रविवार को वाहनों की संख्या और बढ़ जाती है।
लेकिन पिछले दिनों से पुल की स्ट्रीट लाइटें बंद होने के कारण रात में पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूब जाता है। अंधेरे में सडक़ के गड्ढे दिखाई नहीं देते और दोपहिया वाहन चालक सबसे ज्यादा खतरे में रहते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल पर कई जगह सडक़ उखड़ चुकी है और दर्जनों स्थानों पर छोटे-बड़े गड्ढे बन गए हैं। कुछ जगहों पर गड्ढों से सरिया तक दिखाई देने लगी है। बारिश के दौरान पानी भर जाने से गड्ढों की गहराई का अंदाजा लगाना और मुश्किल हो जाता है।
बारिश में गड्ढे बन सकते हैं जानलेवा
मुख्य मार्ग होने के कारण पुल पर दिन-रात वाहनों की आवाजाही लगी रहती है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भरने से वे दिखाई नहीं देते। ऐसे में वाहन चालक अचानक गड्ढे में फंस सकते हैं या वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो सकता है।
इस मार्ग पर दर्जनों जगहों पर मवेशी का झुंड सडक़ पर बैठे या खड़े नजर आते हैं। पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण वाहन चालकों को मवेशी अचानक दिखाई देते हैं और दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। एक तरफ अंधेरा, दूसरी तरफ उखड़ी सडक़ और गहरे गड्ढे, ऊपर से सडक़ पर मवेशियों की मौजूदगी इन सबने रात में पुल पार करने को बेहद जोखिम भरा बना दिया है।
मामले में विद्युत विभाग के ईई धर्मेंद्र साहू ने बताया कि बिजली बिल का भुगतान नहीं होने के कारण विद्युत आपूर्ति रोकी गई है। यानी सरकारी विभागों के बीच बिल भुगतान और विभागीय प्रक्रिया की खींचतान का खामियाजा सीधे आम जनता भुगत रही है।
वहीं ब्रिज विभाग रायपुर के ईई गोविंद अहिरवार ने बताया कि बिजली बिल गलत स्थान पर भेजे जाने के कारण यह स्थिति बनी। उनके अनुसार विभाग की ओर से बिजली कनेक्शन नहीं काटने का निवेदन किया गया था, लेकिन विद्युत विभाग ने बिल भुगतान के बाद ही लाइट चालू करने की बात कही। उन्होंने बताया कि बिल भुगतान के लिए विभागीय प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और आगामी कुछ दिनों में स्ट्रीट लाइटें चालू होने की उम्मीद है।
तीनों पुलों की हो तत्काल जांच
क्षेत्रवासियों ने लोक निर्माण मंत्री अरुण साव, राजिम विधायक रोहित साहू तथा पीडब्ल्यूडी के उच्चाधिकारियों और प्रशासन से मांग की है कि राजिम पुल की स्ट्रीट लाइटें तत्काल चालू कराई जाएं। बेलाही और चौबेबांधा पुल की खराब लाइटों और पुल पर गड्ढों की भी जांच कर मरम्मत की जाए। सभी गड्ढों को तत्काल भरकर सडक़ की गुणवत्ता सुधारी जाए। बाहर निकली सरिया और क्षतिग्रस्त हिस्सों की तकनीकी जांच कराई जाए। बारिश के दौरान पुल पर विशेष निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।