गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मैनपुर, 27 अगस्त। गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड में भी ईद मिलादुन्नबी का पर्व मुस्लिम समाज ने पारंपरिक हर्षोल्लास और अकीदत के साथ मनाया। पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के जन्मदिन के अवसर पर नगर में भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस में शामिल लोगों ने नात-ए-पाक पढ़ते हुए नबी की शान में अपनी अकीदत पेश की।
ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर बुधवार सुबह करीब 8 बजे मुस्लिम समाज के लोग रजा मस्जिद में एकत्रित हुए। यहां मौलाना सिबतेन परचम कोसी की रस्म अदा करने के बाद जुलूस की शुरुआत की गई। जुलूस बस स्टैंड मुख्य मार्ग, गांधी चौक, हरदीभाठा, जयंती नगर, बिजली सब स्टेशन और नेशनल मार्ग होते हुए मदरसा पहुंचा, जहां कार्यक्रम का समापन हुआ करीब दो किलोमीटर लंबे जुलूस में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। जुलूस के दौरान जगह-जगह स्वागत मंच बनाए गए थे, जहां लोगों ने पुष्पवर्षा कर जुलूस का स्वागत किया। कई स्थानों पर आतिशबाजी भी की गई। जुलूस में शामिल लोगों को तबर्रुक के रूप में खारक, बिस्किट, गाजर का हलवा, चॉकलेट, लड्डू, नुक्ती, पेड़े और सोनपपड़ी वितरित की गई।
जुलूस में शामिल होने के लिए धवलपुर से भी मुस्लिम समाज के लोग मैनपुर पहुंचे। नगर के विभिन्न मार्गों पर लोगों ने जुलूस का स्वागत किया और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
इस दौरान भाजपा किसान मोर्चा के जिला मीडिया प्रभारी मोहन सिंह कुशवाहा भी अपनी टीम के साथ जुलूस में पहुंचे। उन्होंने मुस्लिम समाज के लोगों और बच्चों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया और ईद मिलादुन्नबी की शुभकामनाएं दीं।
जुलूस को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा। जुलूस जिन-जिन मार्गों से गुजरा, वहां बड़ी संख्या में पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई थी। पूरे जुलूस के साथ पुलिस बल तैनात रहा और व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की अहम भूमिका रही।
ईद मिलादुन्नबी के इस आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की झलक भी देखने को मिली। पूरे आयोजन के दौरान नगर में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।