गरियाबंद

गायत्री मंदिर में महारुद्राभिषेक
27-Aug-2026 2:55 PM
गायत्री मंदिर में महारुद्राभिषेक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 27 अगस्त। त्रिवेणी संगम के इस पावन नगरी में सावन माह अंतिम अवसर पर नवापारा तीर्थ स्थल में स्थित गायत्री शक्तिपीठ में अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में प्रज्ञेश्वर महादेव का महारुद्राभिषेक एवं दुग्धाभिषेक का आयोजन हुआ।

इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान भोलेनाथ की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। रुद्राभिषेक में मुख्य यजमान के रूप आनंद संगीता श्रीवास्तव एवं पवन मधु सोनकर, कल्याण गायत्री साहू दंपत्ति शामिल हुए.गायत्री परिवार के प्रखर एवं समर्पित कार्यकर्ता पूर्व महिला ट्रस्टी कमल कस्तूरी साहू ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्रज्ञेश्वर महादेव का पूजन एवं रुद्राभिषेक संपन्न कराया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को जल, दूध, दही, बेलपत्र, धतूरा, मधु, भांग, ऋतुफल सहित विभिन्न पूजन सामग्री अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना करते हुए महामृत्युंजय मंत्र की भाव भरी आहुति प्रदान किए।

रुद्राभिषेक के बाद प्रज्ञेश्वर महादेव का आकर्षक श्रृंगार कर उन्हें दूल्हे की तरह सजाया गया। इसके बाद मंगला आरती एवं पूर्णाहुति की गई। अंत में श्रद्धालुओं को भगवान से अपनी एक बुराई छोडऩे और एक अच्छाई लेने का संकल्प दिलवाया। तत्पश्चात शांतिपाठ कर आज के इस महा रूद्राभिषेक का समापन किया गया।


अन्य पोस्ट