गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 26 अगस्त। छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा साझा मंच के बैनर तले जिले के विभिन्न विकासखंडों से पहुंचे शिक्षकों ने जिला मुख्यालय स्थित रावण भाठा में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद शिक्षकों ने रैली निकालकर मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। शिक्षकों ने शासन से उनकी लंबित समस्याओं का त्वरित निराकरण करने की मांग की। धरना-प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने कहा कि सेवारत शिक्षक संवर्ग के लिए टीईटी की अनिवार्यता समाप्त कर सेवा सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। साथ ही शिक्षक एलबी संवर्ग की प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा की गणना करते हुए पुरानी पेंशन सहित शिक्षा विभाग में लागू सभी लाभ प्रदान किए जाएं।
शिक्षकों की प्रमुख मांगों में लंबित वेतन विसंगति को दूर कर केंद्रीय वेतनमान के अनुरूप वेतन निर्धारण, राजपत्र में आवश्यक संशोधन तथा ब्रिज कोर्स के माध्यम से बीएड प्रशिक्षण की व्यवस्था किए जाने की मांग शामिल रही। शिक्षकों ने कहा कि लंबे समय से उनकी विभिन्न मांगें लंबित हैं, जिसके कारण शिक्षक संवर्ग में असंतोष है। शासन को उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र निर्णय लेना चाहिए।
इस दौरान छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा के प्रमुख पदाधिकारी प्रदीप कुमार पाण्डेय, संतोष सिंह ठाकुर, परमेश्वर निर्मलकर सहित विभिन्न विकासखंडों से पहुंचे शिक्षक एवं मोर्चा के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।