गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 25 अगस्त। विप्र कूल महिला मंडल द्वारा श्रावण मास के पावन अवसर पर सावन उत्सव हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक सावन गीतों की प्रस्तुति दी, हरित श्रृंगार किया और कैटवॉक सहित विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पूर्व अध्यक्ष शैल शर्मा रहीं, जबकि सर्व ब्राह्मण समाज की राष्ट्रीय सचिव तनु मिश्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। वरिष्ठ सदस्य तारिणी शर्मा एवं मंडल अध्यक्ष सीमा शर्मा भी मंच पर मौजूद रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीराम एवं भगवान परशुराम के जयकारों के साथ हुआ। स्वागत के पश्चात अनीता शर्मा ने गणेश वंदना प्रस्तुत की। वहीं तृप्ति तिवारी ने ‘मेघा रे मेघा रे’ गीत की प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। अतिथियों ने अपने संबोधन में समाज की एकता, आपसी भाईचारे और महिला शक्ति को और अधिक मजबूत बनाने का संदेश दिया।
हरित श्रृंगार प्रतियोगिता में ईश्वरी शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर सावन क्वीन का खिताब अपने नाम किया। किरण तिवारी द्वितीय और भावना शर्मा तृतीय स्थान पर रहीं। कैटवॉक प्रतियोगिता में भावना शर्मा प्रथम, तृप्ति तिवारी द्वितीय एवं प्रतिभा शर्मा तृतीय रहीं। वहीं कुर्सी दौड़ में मुक्ति शर्मा ने प्रथम तथा पद्मा दुबे ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम की उत्कृष्ट व्यवस्था के लिए सुनीता शर्मा को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। सावन उत्सव में महिलाओं ने उत्साह और उमंग के साथ सहभागिता की, जिससे पूरा आयोजन यादगार बन गया।