गरियाबंद

राजिम में बाबा गरीबनाथ का सहस्त्र जलधारा व अभिषेक
25-Aug-2026 3:34 PM
राजिम में बाबा गरीबनाथ का सहस्त्र जलधारा व अभिषेक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजिम, 25 अगस्त। सावन के अंतिम सोमवार को धर्मनगरी राजिम पूरी तरह शिवमय नजर आई। शनिवार की शाम से ही राजिम पहुंचने वाले मार्गों पर कांवडिय़ों और शिवभक्तों का रेला उमडऩे लगा था। सोमवार को भगवा वस्त्रों में सजे हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी, हर-हर महादेव के जयघोष और वैदिक मंत्रोच्चार से शहर का वातावरण भक्तिमय हो उठा।

सावन के चौथे सोमवार को श्री राजीव लोचन-कुलेश्वर नाथ बोल बम कांवरिया संघ के तत्वावधान में बाबा गरीबनाथ मंदिर में भव्य सहस्त्रधारा जलाभिषेक का आयोजन किया गया। आयोजन की शुरुआत संगम तट पर वेदी पूजन से हुई। इसके बाद जजमानों ने कलश में संगम का पवित्र जल धारण किया और बाबा गरीबनाथ मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजन-अर्चना की। जलाभिषेक के दौरान संगम तट से बाबा गरीबनाथ मंदिर तक श्रद्धालुओं ने मानव श्रृंखला बनाई। एक-दूसरे के हाथों से बाल्टियों में जल पहुंचाते हुए भोलेनाथ का अभिषेक किया गया। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष के बीच यह दृश्य आस्था, सेवा और सामूहिक भक्ति का अद्भुत संगम बन गया। जलाभिषेक में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।

आयोजन में प्रदेश के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, विधायक रोहित साहू, पूर्व विधायक अमितेश शुक्ल, संतोष उपाध्याय, नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव सहित समिति के राघोबा महाडिक़, जितेंद्र सोनकर, लाला साहू, राजेश सोनकर, सागर निषाद, राजा परख, अमर ठाकुर, सुनील देवांगन, घनश्याम साहू, बंटी सहिस सहित बड़ी संख्या में सदस्य एवं श्रद्धालु शामिल हुए। जजमान के रूप में धीरेंद्र शर्मा, संजय सोनकर और बलराम साहू ने भी सहभागिता निभाई।  शिवभक्तों के लिए समिति की ओर से करीब 35 हजार पैकेट बूंदी-पूरी का प्रसाद तैयार किया गया था। शहर के विभिन्न स्थानों पर रविवार और सोमवार को भंडारे भी आयोजित किए गए, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। दोपहर बाद प्रसाद वितरण का क्रम जारी रहा। एक ओर बाबा गरीबनाथ के दरबार में जलाभिषेक और हर-हर महादेव के जयकारे गूंज रहे थे।


अन्य पोस्ट