गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 24 अगस्त। छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध धर्मस्थल एवं वल्लभाचार्य की पावन जन्मस्थली चंपारण में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा नशा मुक्ति भारत अभियान के अंतर्गत जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह अभियान दादी प्रकाशमणि जी की पावन स्मृति में चलाए जा रहे 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान का हिस्सा है।
अभियान के तहत अंचल के विभिन्न शासकीय विद्यालयों, सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रैली तथा दिव्य उद्बोधन के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। ब्रह्माकुमारी भाई-बहनों ने जनसमूह को नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं संस्कारवान समाज के निर्माण में सहभागी बनने का संकल्प दिलाया। ब्रह्माकुमारी पूजा बहन ने कहा कि जागरूक नागरिक, सशक्त समाज और विकसित भारत के निर्माण में आध्यात्मिकता एवं नैतिक मूल्यों की महत्वपूर्ण भूमिका है। जीवन को श्रेष्ठ और सार्थक बनाने के लिए नशे का त्याग कर राजयोग से जुडऩा आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि नशा नाश की जड़ है। नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और सामाजिक जीवन को प्रभावित करता है, इसलिए इससे पूरी तरह दूर रहना ही बेहतर जीवन का मार्ग है। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए ब्रह्माकुमारी सुकून बहन ने संस्थान के सभी भाई-बहनों एवं अंचल के समस्त ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। अभियान के माध्यम से लोगों में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।