गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 23 अगस्त। नगर में वार्ड क्रमांक 7 के आंगनबाड़ी बच्चों को नए आंगनबाड़ी भवन की सौगात मिली है। अब आंगनबाड़ी के बच्चे नए एवं सुविधायुक्त आंगनबाड़ी भवन में पढ़ाई एवं खेल का आनंद उठा पाएंगे।
विधायक इंद्रकुमार साहू, नगरपालिका अध्यक्ष ओमकुमारी-संजय साहू, उपाध्यक्ष भूपेंद्र सोनी ने आंगनबाड़ी बच्चों, पार्षदगण, नगरवासियों एवं अभिभावकों की उपस्थिति में नवापारा नगर के साहनी मोहल्ले में नए आंगनबाड़ी भवन में रिबन काटकर बच्चों को नए आंगनबाड़ी भवन की सौगात दी। उन्होंने आंगनबाड़ी परिसर में एक नीम का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। नए आंगनबाड़ी भवन की उत्साह एवं खुशी बच्चों के चेहरे पर साफ झलक रही थी।
उन्होंने कहा कि नगर में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्रथम प्राथमिकता है। बेहतर शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे है। नगर में ग्यारह करोड़ की लागत से नौ आंगनबाड़ी भवन का निर्माण किया जा रहा है। नपा अध्यक्ष ओमकुमारी-संजय साहू ने कहा कि नौनिहालों को बेहतर वातावरण में खेल खेल में शिक्षा देने के उद्देश्य की पूर्ति आज हुई है। नगर के भवनहीन आंगनबाड़ी केंद्रों को भी जल्द ही नए आंगनबाड़ी भवन सौगात मिलेगी। लोकार्पण अवसर पर सभापति रवि साहू,पालिका अभियंता राहुल थवानी,सभापतिगण सचिन सचदेव,रवि साहू,पूजा कंसारी,निर्मला साहू,वार्ड पार्षद हेमन्त साहनी,पार्षद नम्मु ध्रुव, जीना निषाद,अजय साहू,धनमती साहू,किरण सोनी,महेश साहनी, आंगनबाड़ी सुपरवाइजर रेखा साहू समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका एवम वार्डवासियों की उपस्थित थे।