गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 23 अगस्त। पैगंबर मोहम्मद साहब के जन्मदिन ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर इमदाद फाउंडेशन, नवापारा राजिम की ओर से खत्री कॉलोनी, पारागांव में पांच दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
22 से 26 अगस्त तक चलने वाले इस कार्यक्रम में धार्मिक आयोजन के साथ बच्चों के नात कार्यक्रम, महिलाओं का मिलाद, अस्पतालों में फल वितरण, सम्मान समारोह, भंडारा और जुलूस सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के आयोजकों के अनुसार, आयोजन का उद्देश्य आपसी भाईचारे, सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य और इंसानियत का संदेश देना है। कार्यक्रम स्थल खत्री कॉलोनी, देशमुख फिटनेस के पास, पारागांव निर्धारित किया गया है।
24 अगस्त को सुबह 10 बजे से अस्पतालों में मरीजों के बीच फल वितरण किया जाएगा। दोपहर 3 बजे से महिलाओं के लिए मिलाद कार्यक्रम आयोजित होगा। आयोजकों का कहना है कि सेवा गतिविधियों के माध्यम से जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
25 अगस्त को शाम 6 बजे से समाज प्रमुखों, विधायक, अध्यक्ष, डॉक्टर, पत्रकार, समाजसेवी और अन्य विशिष्ट लोगों का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके बाद रात 8 बजे से भंडारे का आयोजन होगा। इसी दिन रात 10.30 बजे से बड़ों के लिए तकरीर एवं इस्लामी भाइयों की नात ख्वानी का कार्यक्रम भी रखा गया है।
पांच दिवसीय कार्यक्रम का समापन 26 अगस्त को होगा। इस दिन सुबह 9 बजे खत्री कॉलोनी से मोहम्मदी जुलूस निकलेगा, जो कॉलोनी से होते हुए जामा मस्जिद की ओर रवाना होगा। आयोजकों ने समाज के लोगों से जुलूस में शामिल होने की अपील की है।