गरियाबंद
दोनों पर 2-2 लाख रुपये का अर्थदंड
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 23 अगस्त। थाना राजिम पुलिस की प्रभावी पैरवी से एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में न्यायालय ने दो अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को 20-20 वर्ष के कठोर कारावास और 2-2 लाख रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है। अर्थदंड की राशि जमा नहीं करने पर दोनों आरोपियों को एक-एक वर्ष का अतिरिक्त सश्रम कारावास भुगतना होगा।
मामला थाना राजिम में दर्ज अपराध क्रमांक 399/2024, धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट से संबंधित है। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजा का परिवहन करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया था। मामले में पुलिस ने समय पर न्यायालय में चालान पेश किया और गवाहों के साथ वैज्ञानिक साक्ष्यों को मजबूती से न्यायालय के समक्ष रखा।
सजायाफ्ता आरोपियों में देवराज पुटेल और शेखर पुटेल दोनों निवासी हरिशंकर रोड, थाना लतोर, जिला बलांगीर, ओडिशा शामिल हैं।
पुलिस की ओर से मामले की लगातार प्रभावी पैरवी किए जाने के परिणामस्वरूप न्यायालय ने दोनों आरोपियों को गंभीर मादक पदार्थ अपराध का दोषी मानते हुए कठोर सजा सुनाई। इस फैसले को जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
गरियाबंद पुलिस अधीक्षक ने राजिम थाना पुलिस टीम और पैरवी सेल की सराहना करते हुए कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
पुलिस का उद्देश्य मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाना और ऐसे अपराधों में शामिल आरोपियों को कानून के तहत कड़ी सजा दिलाना है।