गरियाबंद

गरियाबंद के गांवों में तेंदुए की दहशत, वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी
22-Aug-2026 7:35 PM
 गरियाबंद के गांवों में तेंदुए की दहशत, वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी

जंगल में लगाए पिंजरे और ट्रैप कैमरे, गांवों में मुनादी, रात में गश्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 22 अगस्त। गरियाबंद वनमंडल अंतर्गत वन परिक्षेत्र गरियाबंद के जोबा एवं गरियाबंद परिसर के गांवों में वन्यप्राणी तेंदुए के लगातार विचरण को देखते हुए वन विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। जनहानि, जनघायल और पशुहानि की घटनाओं की रोकथाम के साथ ग्रामीणों को सजग करने के लिए वनमंडल स्तर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

वन विभाग के अनुसार केराबाहारा, जोबा, भीरालाट, दशपुर, मजरकट्टा, भिलाई, पाथरमोंहदा और गरियाबंद क्षेत्र में तेन्दुए की मौजूदगी की सूचना मिली है। जिन गांवों में तेन्दुए को प्रत्यक्ष रूप से देखा गया है, उनके नजदीकी जंगलों में पिंजरे लगाए गए हैं। वहीं आसपास के जंगलों में ट्रैप कैमरे लगाकर तेन्दुए की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सावधानी बरतने की समझाइश दे रहे हैं। सुरक्षा की दृष्टि से कर्मचारियों की तैनाती के साथ प्रतिदिन गश्त कराई जा रही है। मोबाइल वाहन और अन्य सूचना तंत्रों के माध्यम से भी ग्रामीणों को तेन्दुए से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है।

बच्चों और बुजुर्गों पर विशेष ध्यान देने की अपील

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि रात्रि के समय घर से बाहर निकलने से बचें। विशेष रूप से छोटे बच्चों और बुजुर्गों पर नजर रखें तथा उन्हें अकेले बाहर न जाने दें। जंगल या गांव के आसपास तेन्दुआ दिखाई देने पर उसके नजदीक जाने या उसे उकसाने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना देने कहा गया है।

इन नंबरों पर दें सूचना...

वन्यप्राणी तेन्दुए से संबंधित किसी भी जानकारी या उसकी गतिविधि दिखाई देने पर वनमंडल स्तर के टोल फ्री नंबर 62681-77800 पर सूचना दी जा सकती है। इसके अलावा वन कर्मचारी देवेन्द्र तिवारी, वनपाल - 70003-28264 तथा टेमन प्रसाद दुबे, वनरक्षक - 83193-00413 के मोबाइल नंबर पर भी जानकारी देने की अपील वन विभाग ने की है।


अन्य पोस्ट