गरियाबंद

पदोन्नति में टीईटी की अनिवार्यता पर टीचर्स एसो. ने जताई आपत्ति
21-Aug-2026 3:23 PM
पदोन्नति में टीईटी की अनिवार्यता पर टीचर्स एसो. ने जताई आपत्ति

गरियाबंद, 21 अगस्त । छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने शिक्षकों की पदोन्नति में शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) को अनिवार्य किए जाने पर आपत्ति जताई है। एसोसिएशन ने इसे वर्तमान भर्ती एवं पदोन्नति नियमों के विपरीत बताते हुए पदोन्नति प्रक्रिया को वरिष्ठता के आधार पर आगे बढ़ाने की मांग की है।

प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा और गरियाबंद जिला अध्यक्ष परमेश्वर निर्मलकर ने कहा कि वर्तमान प्रचलित भर्ती एवं पदोन्नति नियमों में पदोन्नति के लिए टीईटी की अनिवार्यता का प्रावधान नहीं है। ऐसे में टीईटी के आधार पर शिक्षकों की पदोन्नति रोकना उचित नहीं है।

एसोसिएशन ने कहा कि शिक्षकों को टीईटी उत्तीर्ण करने के लिए वर्ष 2028 तक की समय-सीमा दी गई है।

इसलिए इस अवधि का लाभ देते हुए पात्र शिक्षकों को सेवा वरिष्ठता के आधार पर तत्काल पदोन्नति दी जानी चाहिए।

साथ ही एसोसिएशन ने लोक शिक्षण संचालनालय से विभागीय स्तर पर टीईटी परीक्षा आयोजित करने की मांग की है, ताकि पदोन्नति प्रक्रिया प्रभावित न हो और शिक्षक निर्धारित समय-सीमा में पात्रता पूरी कर सकें।

एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि वर्तमान नियमों से हटकर टीईटी के आधार पर शिक्षकों की पदोन्नति रोकी गई, तो प्रदेशभर के शिक्षक इसका कड़ा विरोध करेंगे।


अन्य पोस्ट