गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 21 अगस्त। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग तथा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण गरियाबंद के संयुक्त तत्वावधान में जिला मुख्यालय में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के लिए जिला स्तरीय मॉक ड्रिल आयोजित की गई। सर्किट हाउस के समीप आयोजित इस अभ्यास में कलेक्टर बीएस उइके की उपस्थिति में विभिन्न विभागों की त्वरित प्रतिक्रिया और आपसी समन्वय का परीक्षण किया गया।
मॉक ड्रिल के तहत डोंगरीगांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर एलपीजी गैस से भरे वाहन और मिनी ट्रक के बीच टक्कर के बाद गैस रिसाव एवं ब्लास्ट की काल्पनिक स्थिति बनाई गई। इसके बाद दुर्घटना की सूचना मिलने से लेकर राहत एवं बचाव दल के घटनास्थल पर पहुंचने, प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित करने तथा गैस रिसाव से निपटने की पूरी प्रक्रिया का अभ्यास किया गया।
अभ्यास के दौरान संभावित आग और विस्फोट की स्थिति में आवश्यक सावधानियों तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की प्रक्रिया को भी प्रदर्शित किया गया। अधिकारियों ने आपदा की स्थिति में उपलब्ध संसाधनों, राहत-बचाव दलों की तत्परता और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण किया। इसका उद्देश्य किसी वास्तविक आपदा के दौरान जनहानि को न्यूनतम रखते हुए प्रभावित लोगों तक तत्काल सहायता पहुंचाना और विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करना रहा। कलेक्टर बीएस उइके ने मॉक ड्रिल के दौरान मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों तथा व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई और आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एसडीओपी निशा सिन्हा, एसडीएम हितेश्वरी बाघे, डिप्टी कलेक्टर नेहा भेडिय़ा सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
मॉक ड्रिल में राजस्व, पुलिस, होमगार्ड के जवानों के साथ ग्रामीणों ने भी भाग लिया। अभ्यास के माध्यम से आपदा की स्थिति में प्रशासन की तैयारियों, संसाधनों की उपलब्धता और राहत-बचाव कार्यों की प्रभावशीलता को परखा गया।