गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 20 अगस्त। जिला पुलिस की अंतरराज्यीय गांजा तस्करों के खिलाफ चल रही मुहिम के बीच तस्करों द्वारा तस्करी के लिए अपनाए जा रहे नए-नए हथकंडों का खुलासा हो रहा है। बुधवार को देवभोग थाना क्षेत्र के खुटगांव अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट पर पुलिस ने एक मेटाडोर के छह टायरों में छिपाकर ले जाए जा रहे 151 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, खुटगांव चेकपोस्ट पर तैनात जवानों को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध मेटाडोर वाहन से गांजे की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संदिग्ध कतथई रंग के मेटाडोर क्रमांक सीजी 07 एवी 3587 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन के छह टायरों में बेहद शातिर तरीके से छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 151 किलो गांजा, जिसकी कीमत करीब 75 लाख 50 हजार रुपये, तथा तस्करी में प्रयुक्त मेटाडोर वाहन, जिसकी कीमत करीब 20 लाख 25 हजार रुपये है, को गवाहों की मौजूदगी में विधिवत जब्त किया। मामले में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
8 माह में 10 क्विंटल से अधिक गांजा जब्त
पुलिस के मुताबिक ऑपरेशन निश्चय के तहत पिछले आठ महीनों से जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की मुस्तैदी और सक्रिय मुखबिर तंत्र के चलते अब तक 10 क्विंटल से अधिक गांजा, जिसकी कीमत 5 करोड़ 17 लाख रुपये से अधिक है, जब्त किया जा चुका है। इस कार्रवाई में 86 आरोपियों को जेल भेजा गया है।
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज के निर्देश एवं पुलिस अधीक्षक गरियाबंद के मार्गदर्शन में जिले के सीमावर्ती एवं बॉर्डर क्षेत्रों में चेकपोस्ट स्थापित कर वाहनों की सघन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को पूरी तरह समाप्त करने तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
सराहनीय कार्य करने वाली टीम होगी सम्मानित
इस कार्रवाई में देवभोग थाना प्रभारी एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस विभाग द्वारा टीम के सराहनीय कार्य को देखते हुए उन्हें सम्मानित किए जाने की बात कही गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों में हडक़ंप मचा हुआ है।