गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 19 अगस्त। सावन के तीसरे सोमवार को श्री भूतेश्वर नाथ मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ी। कुटुंब साप्ताहिक सत्संग एवं श्री सुदर्शन जन सेवा समिति, गरियाबंद के संयुक्त तत्वावधान में मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान दूर-दराज से दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को केले का प्रसाद वितरित किया गया।
तीसरे सावन सोमवार को भूतेश्वर नाथ मंदिर में दूर दूर से बोल बम कांवरिया हजारों की संख्या में पहुँचे हुए थे। श्री सुदर्शन जन सेवा समिति की ओर से करीब 15 कैरेट केले श्रद्धालुओं में प्रसाद स्वरूप बांटे गए।
इस अवसर पर श्री सुदर्शन जन सेवा समिति के कोषाध्यक्ष सदानन्द सर्वांकर, सचिव डिगेश्वर साहू, संयोजक नगर कुटुंब प्रबंधन टेकराम नायक सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
समिति पदाधिकारियों ने कहा कि धार्मिक आस्था के साथ सेवा भावना को जोडऩा संस्था का प्रमुख उद्देश्य है। श्रद्धा के इन अवसरों पर जरूरतमंदों और श्रद्धालुओं की सेवा के माध्यम से समाज में सहयोग और सद्भाव की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जाता है।
उन्होंने बताया कि भविष्य में भी समिति द्वारा इसी तरह के सेवा एवं जनहित से जुड़े कार्य निरंतर किए जाएंगे।