गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 19 अगस्त। सिरकट्टी आश्रम आवासीय विद्यालय कुटेना, पांडुका में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में ध्वजारोहण एवं विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संत गोवर्धन शरण महाराज तथा विशेष आमंत्रित अतिथि देव नारायण सिन्हा, सदस्य चाइल्ड वेलफेयर कमेटी, छ.ग. शासन रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के व्यवस्थापक एवं सचिव भुनेश्वर साहू ने की। कार्यक्रम में आश्रम के पूर्णकालिक कार्यकर्ता, संतजन, विद्यालय के शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में पालकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक मार्चपास्ट से हुआ। इसके पश्चात उपस्थित अतिथियों एवं गणमान्यजनों द्वारा सामूहिक रूप से राष्ट्रध्वज फहराया गया। विद्यार्थियों की विशेष टुकड़ी द्वारा अनुशासित परेड प्रस्तुत की गई, वहीं अखाड़े के विद्यार्थियों ने अपने कौशल का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि संत गोवर्धन शरण महाराज ने अपने उद्बोधन में कहा कि हमें जीवन में कुछ बनने से पहले एक अच्छा और सच्चा नागरिक बनना चाहिए। विशेष आमंत्रित अतिथि देव नारायण सिन्हा ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आजादी का यह पावन दिन हमें अनगिनत वीर शहीदों के बलिदान की याद दिलाता है।
संस्था के व्यवस्थापक एवं सचिव भुनेश्वर साहू ने कहा कि भारत वीरों और संस्कारों की भूमि है। उन्होंने सभी से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाने, नशामुक्त गांव बनाने तथा गौ, गाय और गीता के संरक्षण के लिए सामूहिक रूप से संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र के निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है। उद्बोधन के पश्चात विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन करते हुए उपस्थित अतिथियों एवं पालकों का मन मोह लिया।