गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 18 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान करते हुए संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों की नियुक्ति की गई। भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में सांसद रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं दीपक म्हस्के को पार्टी का राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक नियुक्त किया गया है। दोनों नियुक्तियों से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्याम अग्रवाल ने रूप कुमारी चौधरी और दीपक म्हस्के को नई जिम्मेदारियां मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं का संगठन के प्रति समर्पण और सक्रिय भूमिका पार्टी के लिए महत्वपूर्ण रही है। राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह जिम्मेदारी उनके अनुभव और संगठनात्मक क्षमता का सम्मान है।
संगठन को मिलेगी नई ऊर्जा
श्याम अग्रवाल ने विश्वास जताया कि रूप कुमारी चौधरी के नेतृत्व में भाजपा महिला मोर्चा देशभर में और अधिक सक्रिय एवं सशक्त होगा। वहीं दीपक म्हस्के के नेतृत्व में पार्टी की सोशल मीडिया टीम को मजबूती मिलेगी और संगठन की विचारधारा एवं जनकल्याणकारी कार्यों को डिजिटल माध्यमों से अधिक प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम संगठन को और मजबूत करने के साथ ही देशभर में कार्यकर्ताओं के बीच नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करेगी।